जमशेदपुर (ब्यूरो): पूर्वी सिंहभूम जिला योगासन स्पोर्ट एसोसिएशन द्वारा धतकीडीह कम्यूनिटी सेंटर में 19 एवं 20 अगस्त तक चले पूर्वी सिंहभूम जिला योगासन स्पोट्र्स चैंपियनशिप का रविवार को समापन हो गया। मुख्य अतिथि जयदीप आर्य ने कहा कि योग आज के समय की आवश्यकता है। योग के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सहज ही प्राप्त किया जा सकता है। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय से योग को खेल का दर्जा मिलने से आने वाले समय में योग हर घर तक पहुंच रहा है। योगासन प्रतियोगिता के विजेताों के पुरस्कृत किया गया।

इनकी रही मौजूदगी

दो दिवसीय योगासन प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि ऑनलाइन मोड पर योगासन भारत के राष्ट्रीय महासचिव डॉक्टर जयदीप आर्य, योगासन स्पोर्ट एसोसिएशन ऑफ़ झारखंड के अध्यक्ष संजय सिंह, झारखंड सचिव विपिन पांडेय के अलावा पूर्व जिप उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह, वीरधन मरांडी, हसन इमाम मलिक, अविनाश कुमार त्रिपाठी, डॉक्टर मनीष डोडिया, एल। नागेश्वर राव, सायन मंडल, अजय कुमार झा, जिला योगासन स्पोर्ट एसोसिएशन की अध्यक्ष सुधा झा, मुख्य संरक्षक अंशु सरकार, उपाध्यक्ष अर्जुन शर्मा, रविशंकर नेवार, मलय कुमार डे, ललिता शर्मा आदि उपस्थित थीं।

नशा के खिलाफ निकाली जन जागरण यात्रा

नशा उन्मूलन विशेष कर ब्राउन शुगर एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ साकची स्थित आम बागान मैदान नेताजी मैदान परिसर से साकची स्थित शहीद चौक तक जनजागरण पदयात्रा निकाली गई। जमशेदपुर संयुक्त सामाजिक संगठनों के संयोजक सह युवा समाजसेवी संजीव आचार्य के नेतृत्व में पूर्वी सिंहभूम कार्यपालक दंडाधिकारी मजिस्ट्रेट सुमित कुमार के द्वारा झंडा दिखाकर यात्रा को रवाना किया गया। संजीव आचार्य ने कहा कि ब्राउन शुगर के साथ-साथ अन्य नशा का प्रभाव एवं भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है, जिससे युवा वर्ग दुष्प्रभावित हो रहा है। कहा कि शहर के हर क्षेत्र में पदयात्रा निकाल कर जन जागरण अभियान चलाया जाएगा। इस कार्यक्रम में समाजसेवी डॉ एम जेना, शबाना बानो, वंदना नामता, आयशा खान, पुतुल सिंह, अंजना सिंह आदि उपस्थित थीं।