-ट्रैफिक जाम जमशेदपुर के लिए आम

-रोड पर एन्क्रोचमेंट है बड़ी बजह

JAMSHEDPUR: शहर को ट्रैफिक की समस्या से निजात दिलाने के लिए चाहे कोई भी प्रयास कर लिए जाएं, लेकिन स्थिति सुधरने वाली नहीं है। एक तरफ सड़कों का चौड़ीकरण किया जा रहा है, दूसरी ओर उसी रफ्तार से उनका एन्क्रोचमेंट भी बढ़ता जा रहा है। सड़कों पर होने वाले इस एन्क्रोचमेंट को हटाने में एडमिनिस्ट्रेशन विफल है। हाल के दिनों में शहर में कुछ जगहों पर एडमिनिस्ट्रेशन द्वारा सड़क के किनारे से एन्क्रोचमेंट हटाया गया था, लेकिन चंद दिनों बाद ही स्थिति फिर जस की तस हो गई।

कैसे दूर हो ट्रैफिक प्रॉब्लम?

पुरुलिया रोड शहर के सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है। हाल ही में इस रोड का करोड़ों रुपए खर्च कर चौड़ीकरण किया गया। इसके बावजूद रोड पर ट्रैफिक की समस्या बनी हुई है। वजह है एन्क्रोचमेंट। रोड पर लगने वाली दुकानों और गाडि़यों की अनऑथराज्ड पार्किग की वजह से चौड़ीकरण का कोई फायदा मिलता नहीं दिखाई दे रहा है। मानगो गोलचक्कर से पुरुलिया रोड में इंटर करते ही यह एन्क्रोचमेंट दिखाई देने लगता है। रोड पर दोनो तरफ ऑटो और अन्य गाडि़यां लगी रहती हैं। वहीं हर तरफ वेंडर भी दिखाई देते हैं। इनकी वजह से लोगों को आज भी पहले की ही तरह ट्रैफिक की समस्या से जूझना पड़ रहा है।

स्थिित जस की तस

एडमिनिस्ट्रेशन द्वारा कुछ ही दिनों पहले मानगो बस स्टैंड के पास सड़क से एन्क्रोचमेंट हटाया गया था। सड़क के किनारे लगने वाली फर्नीचर की सभी दुकानें हटा दी गई थीं। अब वहां पहले वाली स्थिति बन गई है। एन्क्रोचमेंट हटाए जाने के चंद दिनों बाद ही दुकानें फिर से सज गईं। कुछ यही स्थिति शहर के दूसरे स्थानों पर भी दिखाई देती है। एडमिनिस्ट्रेशन द्वारा समय-समय पर एंटी एन्क्रोचमेंट ड्राइव चलाया जाता है, लेकिन इसका असर ज्यादा दिनों तक नहीं रहता है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या एन्क्रोचमेंट करने वालों को एडमिनिस्ट्रेशन की परवाह नहीं या फिर एन्क्रोचमेंट हटाने के नाम पर एडमिनिस्ट्रेशन सिर्फ खानापूर्ति करता है।

सड़क पर सज गया शोरूम

बिष्टुपुर शहर के सबसे व्यस्त मार्केट में से एक है। पार्किग यहां एक बड़ी समस्या है, लेकिन पार्किग की इस समस्या के बावजूद यहां रोड पर ही यूज्ड कारों का बाजार लगता है। बिष्टुपुर मेन रोड पर वोल्टास बिल्डिंग से कुछ दूरी पर सड़क के किनारे ही बिक्री के लिए यूज्ड कारें दिख जाती हैं। यहां रोड को ही यूज्ड कारों के शोरूम में तब्दील कर दिया गया। बिष्टुपुर में कई पार्किग स्पेस होने के बावजूद अन्य गाडि़यां भी सड़क पर कुछ इसी तरह पार्क की जाती हैं। इस वजह से ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ रही है।

रोड का चौड़ीकरण तो किया जा रहा है, लेकिन जब तक एन्क्रोचमेंट नहीं हटाया जाता ऐसे ही जाम लगता रहेगा। रोड से एन्क्रोचमेंट हटाने के लिए एडमिनिस्ट्रेशन को सख्त पहल करनी होगी।

-विकास कुमार

शहर में व्यस्त सड़कों पर अक्सर ट्रैफिक जाम की समस्या रहती है। इसकी बड़ी वजह एन्क्रोचमेंट है। एडमिनिस्ट्रेशन द्वारा समय-समय पर एन्क्रोचमेंट हटाया भी जाता है, लेकिन कुछ दिनों के बाद स्थिति फिर वैसी हो जाती है। ट्रैफिक जाम की समस्या दूर करने के लिए एडमिनिस्ट्रेशन को सख्त कदम उठाना चाहिए।

-वैभव सिंह