JAMSHEDPUR(23 May) : सोनारी स्थित न्यू सीपी क्लब में सोमवार को महिला सम्मेलन हुआ, जिसमें नारी शक्ति पर चर्चा की गई। मानव कल्याण पूरन फाउंडेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए संस्था के अध्यक्ष पूरन वर्मा ने कहा कि आज की महिलाएं सुबह से रात तक टेलीविजन देखकर नकारात्मक भावनाएं पाल रही हैं। धारावाहिक महिलाओं को शक्तिशाली बनाने की बजाय कमजोर बना रहे हैं, लिहाजा उन्हें टीवी से बाहर निकलकर सशक्त बनना होगा। मुख्य अतिथि सुमन वर्मा ने कहा कि प्राचीन काल में साधन की कमी होने के बावजूद संघर्ष की बदौलत देश में कई वीरांगना हुई, वे आज भी नारी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। महिलाओं को अच्छी आदत, वाणी व व्यवहार का अभ्यास करना चाहिए। महिला साहू समाज की अध्यक्ष हेमा साहू ने महिलाओं को जीवन उत्थान के उपाय बताए। छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक समिति में महिला समिति की अध्यक्ष जया साहू ने महिलाओं पर होने वाले अत्याचार व उससे निपटने के तरीकों पर चर्चा की, तो आरती सिंह ने महिला सम्मेलन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। धर्मलता साहू, माधुरी कुमारी व उषा यादव ने गीत सुनाए, जबकि कार्यक्रम का संचालन संतोषी साहू व उषा यादव ने किया। आयोजन को सफल बनाने में प्यारी देवी, सुनीता घोष, गीता गुप्ता, सविता गुप्ता, सुधीर लाल, रामेश्वर प्रसाद, हीरालाल, नारायण मित्रा, पं। दुर्गा प्रसाद मिश्रा, रेखाराम साहू, केदारलाल, धनीराम लोधी आदि सक्रिय रहे। धन्यवाद ज्ञापन लक्ष्मी पटेल ने किया।