-मानगो संकोसाई की है घटना

-पीडि़ता ने महिला थाना में की न्याय की फरियाद

-पुलिस कर रही है मामले की जांच

JAMSHEDPUR: मानगो संकोसाई की रहने वाली विधवा के साथ सास, ससुर और ननद ने मारपीट की। यह आरोप लगाया है पीडि़ता सुधा प्रसाद ने। सुधा अपनी फरियाद लेकर गुरुवार को महिला थाना पहुंची थी। उसे हाथ और शरीर के दूसरे हिस्सों में चोट के निशान थे। सुधा ने बताया कि उसके पति दिलीप प्रसाद का देहांत एक साल पहले हो गया था। उसने आरोप लगाया कि पति की मौत के बाद ससुरालवाले जमीन और संपत्ति से बेदखल कर देना चाहते हैं। इस वजह से उसके साथ अक्सर मारपीट की जाती है।

तो कहां जाएगी

सुधा ने महिला थाना प्रभारी को बताया कि उसका एक बेटा और एक बेटी है। संपत्ति से बेदखल कर दिए जाने के बाद वह कहां जाएगी। इसलिए पुलिस न्याय दिलाए। महिला का आरोप है कि मुहल्ले के तीन-चार शराबियों को घर में इंट्री कराकर उसे घर से बाहर कराने का भी प्रयास किया गया। महिला थाना प्रभारी ने प्रियंका आनंद ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच चल रही है। मामला महिला के साथ पिटाई का है इसलिए महिला थाना इसे गंभीरता से लेगा।

मामला महिला के साथ पिटाई का है इसलिए महिला थाना इसे गंभीरता से लेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोषी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रियंका आनंद, महिला थाना प्रभारी