- पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय और चतरा एसपी ऋषभ झा भी संक्रमित

- गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती हुए भाजपा नेता रवींद्र पांडेय

- राज्य भर में कोरोना के 517 नए मरीज मिले

- जमशेदपुर के छह, रांची व बोकारो के एक-एक मरीज की मौत

-------------

सक्रिय मरीज : 9332

अबतक स्वस्थ : 17320

कोरोना के कुल मामले : 26938

अबतक मौत : 286

रांची: राज्य के अन्य जिलों के मुकाबले रांची में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। गुरुवार को भी रांची से 114 नए मरीजों की पहचान हुई। वहीं 89 मरीजों ने कोरोना को मात देकर घर वापसी की। दूसरी ओर राज्य भर के 23 जिलों से 517 मरीजों की पहचान हुई। हालांकि, अच्छी बात यह रही कि गुरुवार को 754 लोगों ने कोरोना से जंग जीत ली। इस तरह अब राज्य में 26938 पोजिटिव केस के सात 9332 सक्रिय केस बचे हैं। वहीं 17320 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि, 286 लोगों की मौत हुई है। गुरुवार को रांची में एक, जमशेदपुर में छह और बोकारो में एक मरीज की मौत हुई।

रवींद्र पांडेय भी संक्रमित

इस बीच पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय तथा चतरा एसपी ऋषभ झा भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। रवींद्र पांडेय ने खुद के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी फेसबुक के माध्यम से भी दी है। वे गुड़गांव स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। वहीं गुरुवार देर शाम चतरा के पुलिस अधीक्षक ऋषभ झा के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई।

यहां से मिले नए मरीज

झारखंड में गुरुवार को 517 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई, जिसमें रांची से 114, बोकारो से 22, चतरा से 3, देवघर से 11, धनबाद से 84, दुमका से 7, पूर्वी सिंहभूम से 61, गढ़वा से 11, गिरिडीह से 2, गोड्डा से 2, गुमला से 12, हजारीबाग से 11, जामताड़ा से 5, खूंटी से 19, कोडरमा से 9, लातेहार से 12, लोहरदगा से 7, पलामू से 44, रामगढ़ से 30, सहिबगंज से 2, सराईकेला से 11, सिमडेगा से 12, पश्चिमी सिंहभूम से 26 मरीज शामिल हैं।

बाक्स

स्वास्थ्य मंत्री की सेहत स्थिर

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का स्वास्थ्य स्थिर है। रिम्स के कोविड-19 वार्ड में भर्ती स्वास्थ्य मंत्री के सेहत को लेकर रिम्स प्रबंधन द्वारा शाम पांच बजे एक मेडिकल बुलेटिन जारी किया गया, जिसमें बताया गया कि ऑक्सीजन 98-99 रह रहा है। बीच-बीच में हल्का बुखार आ रहा है, लेकिन सांस लेने में कोई दिक्कत नही है और कोई अन्य कोई परेशानी नहीं है। अब तक के सभी रिपोर्ट नार्मल हैं। सिटी स्कैन भी हुआ है, जिसकी रिपोर्ट नॉर्मल है। इधर,स्वास्थ्य मंत्री के आवास पर तैनात उनके दो सुरक्षाकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए।