रांची (ब्यूरो) । 24 से 26 अप्रैल 2024 तक बनारस में आयोजित होने वाले सीनियर फेडरेशन कप महिला एवं पुरुष राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता-2024 में भाग लेने हेतु झारखंड सीनियर फेडरेशन कप राज्य स्तरीय कुश्ती चयन ट्रायल प्रतियोगिता सोमवार को झारखंड राज्य कुश्ती प्रशिक्षण केन्द्र, बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी रांची में आयोजित की गई।

यूपी में होगा कॉम्पटीशन

उक्त चयन ट्रायल में पूरे जिले से 180 कुश्ती खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया। उक्त चयन ट्रायल का उदघाटन झारखंड राज्य कुश्ती संघ के महासचिव रजनीश कुमार के द्वारा किया गया। साथ में हॉकी झारखंड के सचिव विजय शंकर सिंह, कोषाध्यक्ष बबलू कुमार, गुमला जिला कुश्ती संघ के सचिव निलेश कुमार साहू, रांची जिला कुश्ती संघ के संयुक्त सचिव अनिल कुमार यादव, सीनियर प्लेयर सह कोच राजीव रंजन भीम, मधु तिर्की, सत्यनारायण यादव साथ अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। उक्त चयन ट्रायल प्रतियोगिता में चयनित पहलवान 24 अप्रैल से 26 अप्रैल 2024 तक वाराणसी (उत्तर प्रदेश) में आयोजित सीनियर फेडरेशन कप राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।