RANCHI:झारखंड के लिए शनिवार का दिन बेहद महत्वपूर्ण रहा। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने राज्य की 21 सड़क परियोजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन व शिलान्यास किया। इनमें सात सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया तो 14 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। मौके पर विडियो कान्फ्रेंसिंग में सूबे के मुख्य मंत्री हेमंत सोरेन मौजूद थे। सीएम ने कहा कि राज्य के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। राज्यवासियों को कई सड़क परियोजनाओं की सौगात मिली है। बेहतर सड़कों के निर्माण से विकास कार्यो में तेजी आएगी। झारखंड में खनिज संपदाओं की ट्रांसपोर्टिग सड़क मार्ग से ज्यादा होती है। अत: यहां गुणवत्तापूर्ण सड़क होना जरूरी है। सीएम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य में 3550 करोड़ रुपए की लागत की कुल 539 किलोमीटर लम्बी 21 सड़क परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

सड़क निर्माण में आगे बढ़ रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2017-18 में 205 करोड़ रुपए, 2018-19 में 169 करोड़ रुपए, 2019-20 में लगभग 500 करोड़ रुपये तथा वित्तीय वर्ष 2020-21 में 675 करोड़ रुपये राज्य की सड़कों के विकास के निमित्त आवंटित किए गए। आज हम सड़क निर्माण कार्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक सड़क परियोजनाओं की डीपीआर केंद्र सरकार को भेजे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सड़क निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण तथा फॉरेस्टक्लीयरेंस के प्रति सजग है। हमारी सरकार प्रतिबद्धता के साथ सड़क निर्माण कार्य में एनएचएआई के साथ समन्वय स्थापित कर आगे बढ़ने का कार्य कर रही है।

राज्य सरकार की अपेक्षा के अनुरूप बनेंगी सड़कें

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि झारखंड में सड़क निर्माण कार्य राज्य सरकार की इ<स्हृद्द-क्तञ्जस्>छा के अनुरूप ही किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारतमाला योजना के तहत बन रहे इकोनामिक कॉरिडोर को अगले वित्तीय वर्ष तक पूरा कर लिया जाएगा। झारखंड में अगले 3 वर्षो में एक लाख करोड़ रुपए सड़क निर्माण पर खर्च किए जाएंगे। गडकरी ने मुख्यमंत्री से कहा है कि भू-अर्जन एवं वन प्रस्ताव की प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जाए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जल्द से जल्द सभी सड़कों का डीपीआर तैयार कर केंद्र सरकार को दे ताकि सड़क निर्माण कार्यो में तेजी लायी जा सके। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्रीय आदिवासी कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा ने भी अपने विचार रखे।

इन सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण

महुलिया-बहरागोड़ा-झारखंड/ पश्चिम बंगाल बार्डर: यह सड़क महुलिया से बहरागोड़ा तक एनएच 33 एवं बहरागोड़ा-झारखंड/ बंगाल बॉर्डर तक एनएच-6 का अनुभाग है और इस खंड की कुल लंबाई 72 किलोमीटर है। इसकी लागत 1116 करोड़ है। इसके निमार्ण से झारखंड की उडी़सा एवं पश्चिम बंगाल से कनेक्टिविटी बढ़ी है ।

बरही हजारीबाग खंड : यह सड़क एनएच 33 का महत्वपूर्ण भाग है। इस खण्ड की कुल लंबाई 41 कि.मी। है। इसकी लागत 712 करोड़ है। इस खंड के निर्माण से पटना-रांची आर्थिक कोॅरिडोर को मजबूती मिली है ।

कचहरी चौक से बिजुपाड़ा खंड का चौड़ीकरण : यह सड़क एनएच 75 का अनुभाग है। इस खंड की कुल लंबाई 34 कि.मी। है। इसकी लागत 385 करोड़ है।

घाघरा से गुमला तक सड़क सुदृढ़ीकरण, एनएच 143ए (लम्बाई-27 कि.मी., लागत-24 करोड़ रुपए)।

-हाटगम्हरिया से जैंतगढ़ तक सड़क सुदृढ़ीकरण एनएच 75 (लम्बाई- 27.56 कि.मी., लागत-27.90 करोड़ रुपए)।

इन सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास

1. गोनिया से चन्दवा का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, एनएच 99 (लम्बाई- 38 किमी, लागत-114 करोड़ रुपए)।

2. चन्दवा-टोरी पर आरओबी का निर्माण, एनएच 99 (लागत- 43 करोड़ रुपए)।

3. टावर चौक दुमका से बासुकीनाथ मार्ग का चौड़ीकरण एनएच 114ए (लम्बाई-22 किमी, लागत-148 करोड़ रुपए)।

4. छिन्दानाला पर पुल का निर्माण एनएच 23 पर (लागत-5 करोड़ रुपए)।

5. कोलेबेरा से सिमडेगा तक सड़क सुदृढ़ीकरण, एनएच 23 (लम्बाई-36 किमी, लागत-38 करोड़ रुपए)।

6. सिमडेगा से बांसजोर तक का सुदृढ़ीकरण एनएच 23 (लम्बाई-39 किमी, लागत-39 करोड़ रुपए)।

7. सराय पानी झरना नाला पर पुल का निर्माण, एनएच 23 (लागत-2 करोड़ रुपए)।

8. गोसाईडीह-बिहार-झारखण्ड सीमा से जोरी का सुदृढ़ीकरण एनएच 99 (लम्बाई-19 किमी, लागत-50 करोड़ रुपए)।

9. सिंघानी चैक से बनादाग सड़क सुदृढ़ीकरण एनएच 100 (लम्बाई- 15 किमी, लागत- 22 करोड़ रुपए)।

10. हतबन्धा, ललमटिया से गोड्डा का सुदृढ़ीकरण एनएच 133 (लम्बाई-37 किमी, लागत-35 करोड़ रुपए)।

11. अन्नराज घाटी में सुरक्षा एवं ट्रैफिक सुधार उपाय एनएच 343 (लागत-16 करोड़ रुपए)।

12. उसरी पुल एवं बराकर पुल का पुनर्वास/मरम्मत एनएच 114ए एवं 419 (लागत-3 करोड़ रुपए)।

13. उसरी पुल एवं बराकर पुल का पुनर्वास/मरम्मत एनएच 114ए एवं 419 (लागत-3 करोड़ रुपए)।

14. मुर्गातल से बैंक मोड़ धनबाद का सुदृढ़ीकरण एनएच 218 (लम्बाई-44 किमी, लागत-85 करोड़ रुपए)।