- रांची में कोरोना हुआ बेकाबू, एक दिन में मिले 267 पॉजिटिव केस

- 28 जुलाई को मिले थे 231 मरीज, हर इलाके से मिले इन्फेक्टेड

- जनशेदपुर में भी 95 नए मरीजों की पहचान

------------------

सक्रिय मरीज : 9017

अब तक स्वस्थ : 6594

कोरोना के कुल मामले : 15756

अबतक मौत : 145

----------------

रांची: रांची में कोरोना के नए मरीजों की रिकॉर्ड संख्या में पहचान हुई है। गुरुवार को 267 नए संक्रमित पाए गए। इसके साथ ही झारखंड में कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 15756 हो गई है। गुरुवार को भी राज्य के 21 जिलों में कोरोना के 626 मामले सामने आए। एक बार फिर रांची में एक ही दिन में सबसे अधिक 267 मामले सामने आए। इससे पहले 28 जुलाई को रांची में 231 मामले सामने आए थे। गुरुवार को रांची के बाद सबसे ज्यादा संक्रमित जमशेदपुर से मिले। यहां से 95 नए मरीजों की पहचान हुई।

तीन की हुई मौत

इस बीच, कोरोना संक्रमित तीन मरीजों की मौत हो गई। ये मरीज गढ़वा, साहिबगंज व जमशेदपुर के थे। गढ़वा के मरीज की मौत रांची के रिम्स में सुबह में हो गई। उसे रात में ही गढ़वा से रेफर कर रिम्स भेज गया था। वहीं, जमशेदपुर में मरीज की मौत टीएमएच में इलाज के क्रम में हुई। इसी तरह साहिबगंज में भी एक मरीज ने दम तोड़ दिया।

यहां से मिले इतने मरीज

गुरुवार को रांची में 267, जमशेदपुर में 95, खूंटी में 31, पलामू में 30, लातेहार में 35, देवघर में 35, सरायकेला में 28, हजारीबाग में 20, गोड्डा में 14, रामगढ़ में 13, बोकारो में 12, गढ़वा में नौ, धनबाद में सात, लोहरदगा में सात, साहिबगंज में पांच गुमला में पांच, कोडरमा में दो, जामताड़ा में तीन तथा पश्चिमी सिंहभूम में दो नए मरीज मिले हैं। उधर, लोहरदगा में वन विभाग के रेंजर व पुलिसकर्मी सहित सात लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। दूसरी ओर, लातेहार के बरियातू टीओपी के 13 जवान कोरोना संक्रमित हो गए। इनमें टीओपी के तीन हवलदार, आठ जवान, एक कुक व चालक शामिल हैं।

हड़ताल से जांच प्रभावित

गुरुवार को पारा मेडिकल कíमयों की हड़ताल के कारण जांच प्रभावित हुई, फिर भी 455 नए मरीज की पहचान हुई। इधर, राज्य में सक्रिय केस की संख्या बढ़कर 9017 हो गई है। वहीं, कोरोना के कुल मामले 15,756 हो चुके हैं। हालांकि इनमें 6594 स्वस्थ हो चुके हैं।

राज्य भर से 680 स्वस्थ

गुरुवार को राज्य भर के 22 जिलों से 626 मरीज स्वस्थ भी हुए। अकेले धनबाद के 252 लोग स्वस्थ हुए। इसके अलावा रामगढ़ से 120 और रांची से 104 लोगों ने कोरोना को मात दी है। राज्य में अब तक 358208 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं। इनमें 342452 नेगेटिव आए हैं। झारखंड में रिकवरी रेट 41.85 फीसदी है। यह राष्ट्रीय औसत से काफी कम है। नेशनल रिकवरी रेट 67.62 फीसदी है। हालांकि, मृत्यु दर के मामले में झारखंड की स्थिति राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। झारखंड में डेथ रेट 0.92 परसेंट है, जबकि नेशनल डेथ रेट 2.07 है।