RANCHI: आदिवासी हॉस्टल 50 साल पुराना है। इसे मॉडल के रूप में डेवलप किया जाएगा। यहां रहने वाले स्टूडेंट्स कैंपस की साफ-सफाई का पूरा ख्याल रखें। ये बातें सीएम रघुवर दास ने कहीं। मंगलवार को वह आदिवासी हॉस्टल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। मौके पर सीएम ने रांची नगर निगम को कैंपस के आसपास की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हॉस्टल की बिल्डिंग की मरम्मत, रंगाई-पुताई व लाइट की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। हॉस्टल के किचन में भी साफ-सफाई का ख्याल रखा जाए। लाइब्रेरी में बुक की संख्या बढ़ाई जाए। यहां पर प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तक व पत्रिकाओं को उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान उनके साथ प्रधान सचिव कल्याण राजीव अरुण एक्का व लोकल प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।

दीपाटोली कैंट में भारत-पाक युद्ध की मनी वर्षगांठ

ब्रह्मास्त्र कोर और कोकरैल डिवीजन की ओर से मंगलवार को संयुक्त रूप से 1965 के भारत पाकिस्तान युद्ध की 50वीं वर्षगांठ दीपाटोली कैंट में मनाई गई। मौके पर अफसरों एवं जवानों ने झारखंड वार मेमोरियल में उन शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने मातृभूमि की खातिर अपने जान न्योछावर कर दिए। कार्यक्रम में अफसरों सहित जवान और उनके फैमिली मेंबर्स भी मौजूद थे। मौके पर 1965 युद्ध से संबंधित फिल्म दिखाई गई।

गवर्नर से मिला कौमी तहरीक का प्रतिनिधिमंडल

झारखंड कौमी तहरीक का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को गवर्नर द्रौपदी मुर्मू से मिला। राज्यपाल को अल्पसंख्यक समुदायों के राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही कहा कि आतंकवादी गतिविधियों में डॉ। इंतेजार अली के खिलाफ पुलिस और एजेंसियों की जांच में आरोप सिद्ध नहीं हुआ है। इसकी क्षतिपूर्ति के लिए सरकार उसके परिवार को समुचित मुआवजा दे। साथ ही इस पूरे मामले की जांच करते हुए दोषियों पर कार्रवाई करने की गवर्नर से मांग की गई। इसके अलावा राज्य में 4401 पदों पर उर्दू शिक्षकों की बहाली का सरकार को निर्देश देने का आग्रह किया गया।