रांची (ब्यूरो)। सिटी में मटका का खेल किसी से छिपा नहीं है। पुलिस भी जानती है कि सिटी में अवैध रूप से मटका का खेल चलता है। लेकिन अब कूपन लॉटरी सिस्टम रांची में फलने-फूलने लगा है। अबतक यह रांची के आस-पास के इलाकों में चल रहा था, धीरे-धीरे सिटी के अंदर भी पांव पसारने लगा है। इस खेल में लोग अपना सबकुछ लुटा रहे हैं। बता दें कि झारखंड में मटका या लॉटरी का खेल पूरी तरह प्रतिबंधित है। बावजूद इसके इस खेल से जुड़े लोग पुलिस और प्रशासन की नाक के नीचे सारा खेल खेला जा रहा है। लेकिन कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं हो रहा है। लॉटरी के इस अवैध धंधे में कोई नया खिलाड़ी नहीं, बल्कि अवैध ढंग से मटका खेलाने के धंधे से जुड़े लोगों ने ही लॉटरी का खुल शुरू कर दिया है।

कार्रवाई के नाम पर आईवॉश

मटका किंग के नाम से चर्चित विजय सिंह के लोग ही लॉटरी के अवैध खेल का कारोबार संभाल रहे हैं। इस बात का खुलासा जांच एजेंसियों की पड़ताल में भी हो चुका है। लेकिन अबतक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई। मटका वाले लोगों पर थोड़ी-बहुत कार्रवाई हुई है। लेकिन इसके बाद भी स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। मटका और जुए का खेल तो रोकने में पुलिस असफल रही, अब लॉटरी पुलिस के लिए नया सिरदर्द बनता जा रहा है। हालांकि कुछ मटकाबाजों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था। लेकिन फिर से बाहर आने के बाद ये लोग उसी धंधे में जुड़ जाते हैं। धंधे से जुड़े लोगों का जेल आना-जाना लगा रहता है। पुलिस इस अवैध धंधे को कंट्रोल करने में विफल है।

दर्जनों इलाकों में चल रहा खेल

सिटी के अलग-अलग इलाकों में यह खेल शुरू हो चुका है। शहर में 50 से ज्यादा जगहों पर यह अवैध धंधा चल रहा है। मटका से जुड़े लोग लॉटरी खेलाने के लिए एजेंट नियुक्त किए हुए हैं। उन्हीं की मदद से टिकट की बिक्री कराई जाती है। सुखदेव नगर, लोअर बाजार चुटिया, कोतवाली थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में यह खेल बेरोक-टोक चल रहा है। मटका-लॉटरी के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में पुलिस, प्रशासन और कानून का कोई भय नहीं है। पुलिस को भी उसका हिस्सा समय पर पहुंचा दिया जाता है। पुलिस अपनी आंखें बंद किए रहती है।

डेली 50 लाख का सट्टा

एक अनुमान के मुताबिक, राजधानी रांची में रोजाना करीब 50 लाख का अवैध सट्टा ऑनलाइन और ऑफलाइन रूप से खेला जा रहा है। इसमें लॉटरी भी शामिल है। बंटी खान, आनंद वर्मा, रिजवान-सुहैल गैंग, राजा हामिद गैंग समेत अन्य गैंगस्टर मिल कर इस खेल को बढ़ावा दे रहे हैं। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र का रहनेवाला आनंद वर्मा और लोअर बाजार इलाके के बंटी खान का मटका के अवैध कारोबार में पहले से दबदबा रहा है। अब ये लोग लॉटरी में भी कारोबार को भी बढ़ा रहे हैं।

इन इलाकों में मटका-लॉटरी का खेल

-लोअर बाजार थाना क्षेत्र के खादगढ़ा बस स्टैंड, पुलिस टीओपी के पीछे, एमजी रोड में आर अली मॉल के सामने, कलाल टोली।

-चुटिया व कोतवाली थाना क्षेत्र की सब्जी मंडी, गाड़ीखाना भुईयांटोली, सेवा सदन व बड़ा तालाब के आसपास इलाके।

-जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के लीचीबगान, जगन्नाथपुर मंदिर के पीछे, बिरसा चौक के आसपास।

-डोरंडा थाना क्षेत्र के परासटोली, मणिटोला, हाथीखाना, पत्थर रोड।

-सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के मधुकम, थाना के पीछेवाली गली, इंद्रपुरी रोड नंबर 10, अलकापुरी खादगढ़ा सब्जी मंडी, किशोरगंज संस्कृत कॉलेज के आसपास, नामकुम, मौलाना आजाद कॉलोनी, धुर्वा डैम साइड, सीठियो, रातू समेत अन्य इलाकों में अवैध लॉटरी-मटका का कारोबार बेखौफ चल रहा है।

व्हाट्सऐप पर टिकट

लॉटरी के खेल में सोशल मीडिया का भरपूर यूज किया जा रहा है। पहले लॉटरी का कारोबार टिकट बेचकर संचालित कराया जाता था, अब इस अवैध धंधे को डिजिटल रूप दे दिया गया है। पुलिस ने रांची सहित प्रदेश भर में कई मटका किंग को चिह्नित कर रखा है। केवल राजधानी में हर महीने करोड़ों का अवैध मटका व लॉटरी का खेल होता है। लॉटरी के ऑनलाइन टिकट व्हाट्सऐप पर उपलब्ध करा दिए जाते हैं। वहीं मटका से संबंधित पेपर खुलेआम अड्डों पर उपलब्ध कराया जाता है।