- सेंसिटिव ग्रुप के लोगों के लिए बढ़ रहा खतरा

- मेडिकल वेस्ट जलाने के कारण बढ़ा खतरा

-नगर निगम नहीं करता कचरा जलाने वालों पर कार्रवाई

-पहले भी सिटी के पॉल्यूशन पर जताई जा चुकी है चिंता

RANCHI:राजधानी की आबो हवा एकबार फिर जहरीली होने लगी है। पॉल्यूशन का लेवल तेजी से बढ़ रहा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि धड़ल्ले से गाडि़यां सिटी की सड़कों पर दौड़ रही हैं। वहीं लोग खुले में कचरा जलाने से भी बाज नहीं आ रहे हैं। आज स्थिति यह है कि सिटी का एयर क्वालिटी इंडेक्स 139 पर पहुंच गया है, जबकि 4 महीने पहले यह इसके आधे के करीब था।

पीएम 10 व 2.5 बढ़ रहा तेजी से

एयर क्वालिटी इंडेक्स के बढ़ने से सेंसिटिव ग्रुप के लिए खतरा बढ़ रहा है। ऐसे में लोगों को मास्क जरूर पहनना होगा। चूंकि पीएम 10 और पीएम 2.5 तेजी से खतरनाक लेवल की ओर बढ़ रहा है। चूंकि पीएम 10 की वजह से आंखों और गले में इरीटेशन हो सकता है। वहीं, पीएम 2.5 की वजह से लंग्स में समस्या हो सकती है। हार्ट पर भी इसका असर पड़ सकता है। इसके अलावा खांसी और सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्या भी होने का खतरा है।

कचरा जलाने से बढ़ रहा धुआं

नगर निगम ने सिटी में कहीं भी खुले में कचरा जलाने पर रोक लगा रखी है। चूंकि कुछ दिनों पहले जारी रिपोर्ट में रांची समेत झारखंड को लेकर चिंता जताई गई थी। इसके बावजूद नगर निगम के अलावा लोग भी कचरा जला रहे हैं। यहां तक कि मेडिकल वेस्ट को भी एक जगह जमा कर जला दिया जा रहा है, जिससे निकलने वाला खतरनाक धुआं आसपास के लोगों के अलावा पूरे शहर की सेहत बिगाड़ देगा।