रांची(ब्यूरो)। माह-ए-रमजान के आखिरी जुमे की नमाज शुक्रवार को रांची में अकीदत और सादगी के साथ अदा की गई। रोजेदारों ने मस्जिदों-मरकजों में नमाज अदा की, जिसके बाद दुआ में खैर-ओ-बरकत की मांग करते हुए नमाजी फूट-फूट कर रोते नजर आए। तेज धूप और भीषण गर्मी के बावजूद जब नमाजियों को मस्जिदों के भीतर जगह नहीं मिली, तो मजबूरी में उन्हें सड़क किनारे ही नमाज अदा करनी पड़ी।

इन्होंने पढ़ाई नमाज

रांची के मेन रोड स्थित इकरा मस्जिद में मौलाना ओबैदुल्लाह कासमी, हव्वारी मस्जिद में मुफ्ती कमर आलम, राइन मस्जिद में मुफ्ती अनवर कासमी, डॉ फतुल्लाह मस्जिद में मौलाना समीउल्लाह, पथलकुदवा मस्जिद में मुफ्ती अब्दुल्लाह अजहर, चांदनी मस्जिद में मौलाना उमर फारूख, डोरंडा मजार मस्जिद में मुफ्ती फैजुल्लाह मिसबाही, डोरंडा जामा मस्जिद में मौलाना अलकमा शिबली, रांची जामा मस्जिद में मुफ्ती तलहा नदवी, मस्जिद-ए-जाफरिया मौलाना सैयद तहजीबुल हसन रिजवी, अहले हदीस जामा मस्जिद में मौलाना शफीक अलियावी ने नमाज अदा कराई। मौके पर मस्जिदों के खतीबों ने आखिरी जुमे की फजीलत के साथ ही रमजान के आखिरी अशरे की अहमियत के बारे में लोगों को विस्तार से बताया। खुदा बंदे करीम की बारगाह में रोजेदारों ने आंखों से छलकते आंसू के बीच अपने गुनाहों की माफी मांगी। दुआ मांगते वक्त हर नमाजी की आंखों से आंसू छलक रहे थे। कुछ तो फूट-फूटकर रोने लगे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

नमाज के दौरान मस्जिदों के पास बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई थी। अपर बाजार स्थित जामा मस्जिद और मेन रोड स्थित इकरा मस्जिद में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। इसके अलावा शहर के सभी मस्जिदों में भी पुलिस बलों की तैनाती की गई थी।

तो सड़क पर पढ़ी नमाज

दिन के साढ़े बारह बजे तक मस्जिदें नमाजियों से भर गई थीं। नमाजियों की भीड़ से मस्जिदों का आंगन तंग हुआ तो चिलचिलाती धूप में सड़क पर सफ लगाकर खड़े हो गए। हालांकि, नमाजियों के लिए मस्जिद कमिटी की ओर से चटाई व दरी की भी व्यवस्था की गई थी। कई नमाजी तो घर से ही जानिमाज व चादर लेकर ही पहुंचे थे।

डोरंडा में ईद की नमाज 8.30 बजे से

शुक्रवार को बाद नमाजे जुमा डोरंडा ईदगाह कब्रिस्तान वा जामा मस्जिद कमिटी डोरंडा के ऑफिस में ईद की नमाज को लेकर बैठक हुई। तय हुआ कि इस साल डोरंडा ईदगाह में ईद उल फितर की नमाज पीरे तरीकत हजरत अल्लामा मौलाना सैयद शाह अल्हाज अल्कमा शिबली कादरी पढ़ाएंगे। साथ ही बैठक में यह भी तय हुआ कि बढ़ती गर्मी के देखते हुए डोरंडा ईदगाह में ईद उल फितर की नमाज सुबह 8.30 अदा की जाएगी। बैठक में अध्यक्ष मो अनवर खान, उपाध्यक्ष मोहम्मद आफताब रिजवी, सचिव मोहम्मद जुबेर अहमद, सह सचिव हाजी मुख्तार कुरैशी, कोषाध्यक्ष आसिफ इकबाल, हाजी फारूखगद्दी, समाज सेवी मो बाबर आदि मौजूद थे।

ईदगाह और मस्जिदों में नमाज का समय

डोरंडा ईदगाह - 8.30 बजे

जामा मस्जिद - 8.00 बजे

मरकजी मस्जिद बाजार मोहल्ला - 7.30 बजे

मजार शरीफ मस्जिद - 8.00 बजे

मस्जिद अबु हनीफा बेलदार मोहल्ला - 8.00 बजे

मस्जिद ए मोहम्मदी कुरैशी मोहल्ला - 7.45 बजे

रहमत कॉलोनी मस्जिद - 8.00 बजे

दर्जी मोहल्ला मस्जिद - 8.15 बजे

मस्जिद-ए-बेलाल हाथीखाना - 8.15 बजे

मस्जिद-ए-असरा मानीटोला - 8.00 बजे

मस्जिद अबु बकर गौस नगर - 7.00 बजे

पारसटोली ईदगाह - 7.30 बजे

मानीटोला फिरदौस नगर मस्जिद - 7.45 बजे