RANCHI: सेना भर्ती रैली में राजधानी के मोरहाबादी मैदान में हुई दौड़ के पहले दिन चार जिलों से आए कैंडिडेट्स में से 360 ने बाजी मारी। 9 अप्रैल को हुई दौड़ में गिरिडीह, खूंटी, कोडरमा और जामताड़ा जिलों के कुल 6392 कैंडिडेट्स ने रेस लगाई। सबसे ज्यादा गिरिडीह के 1890 कैंडिडेट्स थे, जबकि सबसे कम 251 जामताड़ा के अभ्यर्थी शामिल हुए। दौड़ में सफल कैंडिडेट्स में सबसे ज्यादा 131 गिरिडीह के कैंडिडेट्स शामिल हैं। सेना में बहाली के लिए आठ अप्रैल की रात से ही मोरहाबादी मैदान में बड़ी संख्या में युवा पहुंच चुके थे और पूरी रात खुले आसमान के नीचे गुजारी। सेना भर्ती के निदेशक कर्नल दीपक दयाल ने बताया कि सोल्जर जीडी के लिए कुल 237 युवा दौड़ में सफल रहे, जबकि सोल्जर टीआरडी के लिए कुल 123 कैंडिडेट्स ने बाजी मारी।

आज बोकारो-धनबाद के युवा दौड़ेंगे

सेना बहाली के दूसरे दिन मंगलवार को मोरहाबादी आर्मी ग्राउंड में बोकारो और धनबाद के युवकों की रेस होगी। बोकारो से जहां 3432 अभ्यर्थियों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है, वहीं धनबाद से 4774 ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है। रांची के युवा 13 अप्रैल को रैली भर्ती में दौड़ लगाएंगे।