RANCHI: शहर में हर दिन चारों तरफ जाम लगा रहता है। खासकर सेंट जेवियर कॉलेज के सामने रांची नगर निगम ने अघोषित तौर पर टैंपो स्टैंड का अड्डा बना दिया है। कॉलेज के सामने की पूरी सड़क पर ऑटो वालों का कब्जा रहता है। जब कॉलेज की छुट्टी होती है, उस समय तो लोग आधे घंटे तक जाम में फ ंसे रहते हैं। इसी रोड में उर्लुलाइन कॉन्वेंट, संत अन्ना ग‌र्ल्स स्कूल व सेंट जेवियर कॉलेज सहित कई संस्थान हैं। यहां पर बीच सड़क में ही नगर निगम ने टेंपो स्टैंड बना दिया है। अब नगर निगम इसकी बोली लगाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए चार लाख बेस प्राइस भी रखा गया है। यानी 4 लाख से ऊपर जो भी व्यक्ति बोली लगाएगा, वह इस एक साल के लिए इस स्टैंड का ठेका ले लेगा। कुल मिलाकर रांची नगर निगम ने सड़क को ही टेंपो स्टैंड घोषित करने की तैयारी में जुटा है। हालांकि, आम लोग इसका विरोध कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि निगम केवल कमाई देख रहा है, भले ही लोगों को परेशानी क्यों न हो।

मरीजों को भी होती है परेशानी

पुरुलिया रोड में सेंट जेवियर्स कॉलेज गेट के पास ही ऑटो वालों ने अपना स्टैंड बना रखा है। यहां से नामकुम, तुपुदाना व धुर्वा रोज सैकड़ों ऑटो आते-जाते रहते हैं। आधे से भी ज्यादा रोड की चौड़ाई में ऑटो ही लगे रहते हैं। पैसेंजर बिठाने के चक्कर में आड़े-तिरछे भी ऑटो लगाए रखते हैं। नतीजन, अक्सर जाम लगा रहता है। कॉलेज की छात्राओं को भी आने-जाने में परेशानी होती है। इतना ही नहीं, पास ही उर्सुलाइन ग‌र्ल्स स्कूल व सदर अस्पताल भी है। यहां की छात्राओं व मरीजों को स्कूल या अस्पताल घुसने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ती है। लेकिन, न इनकी परेशानी से ऑटो वालों को कुछ लेना देना है और न ही ट्रैफि क पुलिस को।

सुबह से ही सड़क जाम

यहां सुबह से ही ऑटो वालों का कब्जा हो जाता है, जो दिन भर चलता है। रोड पर ही पार्किंग करके ऑटो खड़ा कर दिया जाता है। एक साइड रोड पूरी तरह ब्लॉक करके रखा जाता है। इस कारण गुजरने वाली गाडि़यों को हमेशा जाम की समस्या से दो-चार होना पड़ता है। सर्जना चौक से सेंट जेवियर्स कॉलेज गेट तक इतना जाम रहता है कि पैदल चलने वालों को भी मुश्किल हो जाती है।

सदर अस्पताल गेट रहता है जाम

ऑटो वाले सदर अस्पताल के गेट पर भी ऑटो लगाते हैं, जिससे अगर किसी को कोई इमरजेंसी हो जाए तो परेशानी होगी। कांटाटोली की ओर से आने वाले ऑटो संत जेवियर कॉलेज के गेट पर पैसेंजर को उतारते हैं, जिससे कैंपस में आने-जाने वाले स्टूडेंट्स को परेशानी होती है। उर्सुलाइन स्कूल के गेट के सामने खड़ा करके पैसेंजर बिठाते हैं, जिससे स्कूल के छात्रों को दिक्कत होती हैं।

इसकी लगेगी बोली

-बिरसा बस स्टैंड, कांटाटोली का बेस प्राइस - 2 करोड़ 30 लाख

- आईटीआई बस स्टैंड इटकी रोड का बेस प्राइस - 73 लाख 44 हजार 660

- रामगढ़ ट्रेकर स्टैंड का बेस प्राइस - 5 लाख 94 हजार 244

- रातू रोड न्यू मार्केट टेंपो स्टैंड का बेस प्राइस - 25 लाख 46 हजार 675

- चांदनी चौक कांके रोड में बस पड़ाव का बेस प्राइस - 1लाख 41 हजार

- मोरहाबादी बाजार का बेस प्राइस - 6 लाख 60 हजार

- अपर बाजार का बेस प्राइस - 3 लाख 13 हजार 183

- बहू बाजार का बेस प्राइस - 4 लाख 40 हजार

- डेली मार्केट का बेस प्राइस - 4 लाख 58 हजार 880

- सेंट जेवियर कॉलेज के सामने का बेस प्राइस - 4 लाख 09 हजार