रांची(ब्यूरो)। आप रांची में रहते हैैं, तो बड़ा तालाब से होकर हमेशा गुजरना होता होगा। आज भले ही इस तालाब के ब्यूटीफिकेशन के वर्क की धीमी रफ्तार से आप थोड़ा नाखुश जरूर होंगे, लेकिन जल्द ही आपको इसी लेक में वाटर स्पोट्र्स और बोटिंग-राफ्टिंग का आनंद मिलने वाला है। दरअसल, राज्य सरकार ने इस लेक को पर्यटन स्थल घोषित किया है और इस कारण इसकी खूबसूरती बढ़ाने से लेकर इसे इको फ्रेंडली बनाने पर भी बातचीत चल रही है।
यहां होंगे ट्यूरिस्ट स्पॉट
झारखंड पर्यटन विभाग ने राज्य में 121 नये पर्यटन स्थलों की घोषणा की है। इनमें रांची का बड़ा तालाब भी शामिल है। देवघर जिले में सबसे अधिक 66 नये पर्यटन स्थल चिह्नित किये गये हैं। इसके अलावा दुमका में सात, पलामू में चार, सिमडेगा में छह, चतरा में आठ, साहिबगंज में एक, बोकारो में नौ, सरायकेला में एक, खरसावां में 15 और गढ़वा में तीन नये पर्यटक स्थल चिह्नित किये गये हैं। पर्यटन विभाग ने इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है।
अब होगा इनका विकास
पर्यटन विभाग ने जिन नए पर्यटन स्थल को पर्यटक स्थल के रूप में घोषित किया है, अब इनका विकास भी बहुत तेजी के साथ किया जाएगा। जिन नए स्थलों का चयन पर्यटन विभाग ने किया है, उन जगहों पर लोग पहले भी घूमने के लिए जाया करते हैं, लेकिन वहां विकास का काम नहीं के बराबर हो पाता था, अब इन जगहों का विकास भी होगा।
1842 में हुई थी खुदाई
स्वामी विवेकानंद सरोवर या बड़ा तालाब शहर के बीच में स्थित है। इसका इतिहास है कि रांची झील की खुदाई 1842 में ब्रिटिश कर्नल ने की थी। एक शांत और सुकून भरा समय बिताने के लिए यह एक शानदार जगह है।
रांची के पर्यटन स्थल
जगन्नाथपुर मंदिर
रांची झील
रॉक गार्डेन
कांके डैम
सूर्य मंदिर
टैगोर हिल
पहाड़ी मंदिर
राजकीय संग्रहालय, होटवार
नक्षत्र वन
दशम फॉल
जोन्हा फॉल
पतरातू घाटी
हुंडरू फॉल
बिरसा ज्यूलॉजिकल पार्क
पंचघाघ फॉल

जगन्नाथपुर मंदिर - रांची का जगन्नाथपुर मंदिर पुरी के मंदिर जैसा है। यह मंदिर शहर से 10 किमी दूर है। 17वीं सदी के इस मंदिर में हजारों पर्यटक आते हैं। यह शहर के लोकप्रिय स्थानों में से एक है। यहां ऊपर चढऩे के लिए आपको कई सीढिय़ां चढऩी पड़ेंगी।

कांके डैम, रॉक गार्डेन-रॉक गार्डेन रांची में सबसे अधिक देखे जाने वाले पर्यटन स्थानों में से एक है। यह गोंडा हिल की चट्टानों से निर्मित है और कांके बांध द्वारा एक छोटी पहाड़ी पर स्थित है। कांके डैम रॉक गार्डेन से सटा हुआ है।

सूर्य मंदिर रांची -रांची का सूर्य मंदिर एक मनोरम जगह है। पहाड़ी की चोटी पर स्थित मंदिर का निर्माण विशिष्ट सूर्य मंदिर वास्तुकला में किया गया है। इसमें सात घोड़ों द्वारा खींचे गए 18 पहियों वाले विशाल रथ को दर्शाया गया है।

टैगोर हिल -टैगोर हिल का नाम महान कवि रवींद्रनाथ टैगोर पर है। यह मोरहाबादी हिल के रूप में भी जाना जाता है। इस जगह से आप शहर के सुंदर दृश्यों और स्पष्ट नीले आसमान का आनंद ले सकते हैं।

पहाड़ी मंदिर-पहाड़ी मंदिर शहर की सबसे शानदार जगह है। यह 2140 फीट की ऊंचाई पर रांची पहाड़ी पर स्थित है। यहां साल भर शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। खासकर श्रावण महीने के दौरान यहां बड़ी भीड़ होती है।

राज्य संग्रहालय होटवार-यह रांची संग्रहालय के रूप में जाना जाता है। यहां मौजूद हथियार और गोला बारूद, कलाकृतियां और आभूषण राज्य के इतिहास के बारे में बताती हैं। संग्रहालय में मूर्तिकला गैलरी है।

नक्षत्र वन -नक्षत्र वन एक पार्क है। यह रांची में गवर्नर हाउस (राजभवन) के सामने स्थित है। यह नक्षत्रों की अनूठी अवधारणा पर बनाया गया है। पार्क को विभिन्न वर्गों में विभाजित कर प्रत्येक राशि चक्र और आकाशीय पिंडों को दिखाया गया है।

पतरातू घाटी -पतरातू घाटी बेहतरीन जगह है। यहां आकर आपकी छुट्टी परिपूर्ण बन जाएगी। रांची से घाटी तक ड्राइव हर बाइक प्रेमी के लिए खुशी का पल होता है। एस टर्न, हेयरपिन और स्वूपिंग कॉर्नर और विस्टा ड्राइव को और अधिक रोमांचक बनाते हैं।