रांची: आज से राजधानी के बार में लौटेगी रौनक। जाम से जाम टकराएगा। रांची सहित पूरे राज्य भर के बार ओनर ने मंगलवार से अपना बार खोलने का निर्णय लिया है। विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे से सकारात्मक वार्ता होने के बाद बार ओनर एसोसिएशन ने बार खोलने का निर्णय लिया है। विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे ने एसोसिएशन के सदस्यों को आश्वस्त किया है कि सरकार जल्द ही उनके दो क्वार्टर का लाइसेंस फी माफ करेगी। हालांकि, यह प्रॉसेस कैबिनेट से अप्रूवल मिलने के बाद ही पूरा होगा। लेकिन विभागीय सचिव के आश्वासन के बाद बार ओनर्स ने बार खोलने का निर्णय ले लिया है।

सोशल डिस्टेंसिंग का रखेंगे ख्याल

झारखंड स्टेट बार एंड रेस्टोरेंट ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि विभागीय सचिव से सकारात्मक वार्ता होने के बाद रांची सहित राज्य भर के सभी बार ओपन हो जाएंगे। अब सभी बार ओनर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन, मास्क, सुरक्षा और हाइजीनिक तरीके से बार ओपन करेंगे। पहले भी रेस्टोरेंट्स में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करके ही सर्विस दे रहे हैं। अब बार में भी यह सुविधा बहाल की जाएगी।

4.50 लाख रुपए लगेगी फीस

विभागीय सचिव विनय कुमार चौबे ने बार एसोसिएशन को आश्वस्त किया कि सरकार उनसे दो क्वार्टर का लाइसेंस फी जो साढे चार लाख होता है वह माफ कर देगी। इस प्रक्रिया को पूरा होने में कुछ समय लगेगा। कैबिनेट से अप्रूवल होने के बाद लागू किया जाएगा।

22 मार्च के बाद से से बंद हैं बार

22 मार्च को लॉकडाउन होने के बाद राजधानी में बार को बंद करने का निर्देश दिया गया था। कई फेज में अनलॉक करते हुए सरकार ने होटल और रेस्टोरेंट का संचालन पहले ही शुरू कर दिया था। अब एक नवंबर से बार खोलने की अनुमति दी है। बार ओनर पिछले 7 महीने से बार खुलने का इंतजार कर रहे थे।

क्या था सरकार का निर्देश

झारखंड सरकार द्वारा बार का संचालन करने के लिए 12 महीने की फीस 9 लाख रुपये तय की गई है। हर साल 1 अप्रैल को रिन्यूवल करने के लिए लाइसेंस फीस 9 लाख जमा करना होता है। अब 1 नवंबर से शुरू करने से पहले सभी लाइसेंस धारियों को 9 लाख रुपये जमा करने का निर्देश दिया गया है। वह 9 लाख रुपये जमा करेंगे उसके बाद ही उनका लाइसेंस रिन्यूवल होगा और वह बार खोल सकते हैं।

एसोसिएशन फीस माफी की मांग की थी

झारखंड होटल रेस्टोरेंट एंड बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और हॉट लिप्स बार एंड रेस्टोरेंट के संचालक रंजन कुमार बताते हैं कि सरकार ने हमारी बात मान ली है। एक तो सभी लोगों का बार पिछले 7 महीने से बंद है। सभी लोग अपने कर्मचारियों को बंद करके वेतन दे रहे हैं। अब सरकार ने एक साथ में 9 लाख रुपये जमा करने का फरमान भी जारी कर दिया। हम लोगों की मांग है कि जितना दिन बार बंद रहा उसकी फीस माफ कर दिया जाए, और जिस दिन से बार खोलने की अनुमति दी है उस दिन से फीस लेने का निर्देश जारी किया जाए।

उत्पाद विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे से एसोसिएशन के लोग मिले थे। विभागीय सचिव ने आश्वस्त किया है कि दो क्वार्टर का लाइसेंस फीस माफ किया जाएगा। इसे कैबिनेट से अप्रूवल करा कर लागू किया जाएगा। सचिव के इस आश्वासन के बाद रांची सहित पूरे राज्य भर के बार ओनर ने अपना बार खोलने का निर्णय लिया है। सभी लोग सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए बार ओपन करेंगे।

-रंजन कुमार, अध्यक्ष, झारखंड होटल रेस्टोरेंट एंड बार एसोसिएशन, एंड ओनर हॉट लिप्स बार एंड रेस्टोरेंट, कांके रोड