रांची (ब्यूरो)। राजधानी रांची में बीते कुछ सालों से सड़क का निर्माण नहीं किया गया है, जिस कारण सड़क पर गड्ढे ही गड््ढे नजर आने लगे हैं। सड़कों को दुरुस्त करने के लिए भी नगर निगम रेस हो चुका है। पहले चरण में करीब 20 करोड़ रुपए सड़क बनाने और पेवर ब्लॉक बिछाने में खर्च किए जाएंगे, जिसमें आठ करोड़ रुपए पेवर ब्लॉक बिछाने के में खर्च होंगे। जिन वार्डों में सड़क की हालत ज्यादा खराब है वहां पर पेवर ब्लॉक बिछाया जाएगा। सड़क किनारे जहां गड्ढे में पानी जमता है, उन स्थानों को पेवर ब्लॉक से ढकने की योजना है। ताकि पानी भी सड़क पर जमा न रहे और ग्राउंड वाटर लेवल भी रिचार्ज होता रहे। सिटी के कई इलाकों में पेवर ब्लॉक बिछाने का काम चल रहा है। पिस्का मोड़ के आसपास पेवर ब्लॉक बिछाने का काम कर लिया गया है।

रमणीक रांची बनाने की पहल

रांची नगर निगम रमणीक रांची के तहत लगातार रांची खूबसूरत बनाने में जुटा है। सिटी की सफाई व्यवस्था पर भी काम किया जा रहा है। इसे जल्द ही स्मार्ट लुक दिया जाएगा। साथ ही निगम क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों को ग्रीनरी करने में भी नगर निगम ध्यान दे रहा है। अब वार्ड के अंदर के गलियों को भी फ्रेश लुक देने पर काम शुरू कर दिया गया है। गलियों में पेवर ब्लॉक बिछाने के बाद गंदगी, कूड़ा और डस्ट से भी लोगों को निजात मिलेगी। पेवर ब्लॉक के अलावा सड़क और नाली बनाने के लिए भी टेंडर निकाला गया हैै। अगले महीने तक टेंडर डालने का समय है। टेंडर फाइनल होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। काम पूरा करने के लिए छह महीने का समय दिया जाएगा।

14 वार्डों बिछेगा पेवर ब्लॉक

नगर निगम के 14 वार्ड में पेवर ब्लॉक बिछाया जाएगा। सभी वार्ड में करीब इसके लिए अलग-अलग राशि निर्गत की गई है। नगर निगम 20 वार्ड में 18 करोड़ रुपए से मुहल्लों और गलियों को दुरुस्त करेगा। नगर विकास विभाग की ओर से इस दिशा में आर्डर जारी कर दिया गया हैै। गौरतलब हो कि पार्षद सड़क और नाली निर्माण के लिए लगातार आवाज उठाते रहे हैं। बोर्ड और स्टैंडिंग कमिटी की बैठक में सड़क की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठ चुका है। गली-मुहल्लों की हालत ज्यादा खराब है। बारिश के बाद स्थिति और बिगड़ गई है। वहीं कई स्थानों पर नाली के लिए खुदाई हुई, लेकिन नाली का निर्माण तो हुआ नहीं, उल्टे मुहल्ले की तस्वीर बिगड़ गई।

इन इलाकों में बनेगी सड़क

-वार्ड 32 के पंचशील नगर और पंडरा में 91,42,674 रुपये से बिटुमिनस रोड निर्माण

-वार्ड 35 के पंचायत नगर में 1,56,25,909 रुपये की लागत से बिटुमिनस रोड निर्माण

-वार्ड 36 के अरगोड़ा हाउसिंग कॉलोनी, पुंदाग के साहू चौक से रेलवे फाटक तक 1,58,30,534 रुपये से सड़क निर्माण

-वार्ड 37 में सेक्टर 1 के पटेल नगर और सेक्टर 2 में जगन्नाथपुर इलाके में 92,55,566 रुपये से बिटुमिनस रोड का निर्माण

-वार्ड 38 में साई सिटी, जेपी मार्केट, धुर्वा में 92,40,419 रुपये से बिटुमिनस रोड का निर्माण