रांची (ब्यूरो): रांची पुलिस ने पहले भी इसका खुलासा किया है। इस अवैध काम में शामिल लोग गिरफ्तार भी किए गए हैं, लेकिन इस पर लगाम नहीं कस रहा है। आज भी धड़ल्ले से फर्जी दस्तावेज बनाने का काम चल रहा है। दूसरे जिलों से रांची आकर अपराधी इस काम को अंजाम दे रहे हैं। बिहार के गिरोह का खुलासा पहले भी हुआ है। एकबार फिर गिरोह के सदस्यों द्वारा यह काम करने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने दो अपराधियों को अरेस्ट किया है। फर्जी आधार, पैन और वोटर आई कार्ड बनाया करते थे। रांची के लालपुर में रहने वाले दो अपराधियों को पुलिस ने अरेस्ट किया है। इन लोगों ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है। आधार और पैन कार्ड में नाम और पता पूरी तरह से ओरिजिनल होते हैं। सिर्फ उसमें तस्वीर बदल दी जाती है। ये लोग फर्जी दस्तावेज का इस्तेमाल बैंक से लोन लेने के लिए भी करते हैं। इसी पेपर पर पहले बैंक में खाता खुलवाकर छोटा-मोटा ट्रांजेस्क्शन करते हैं। छोटी-मोटी राशि लेकर उसे समय पर चुका कर अपना सिविल स्कोर मजबूत करते हैं और फिर हेवी अमाउंट लोन पर लेकर फुर्र हो जाते हैं।

फर्जी दस्तावेज वाले रेंटर

फर्जी कागजात बनाने वाला गैंग रांची में मकान किराए पर लेकर रहता है। इसके लिए भी ये लोग फेक डॉक्यूमेंट्स का ही इस्तेमाल करते हैं। रांची पुलिस ने कई बार लैंड लॉर्ड से अपने किरायेदारों का पुलिस वेरिफिकेशन करने का आग्रह किया है, लेकिन लोग इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। इसी का नतीजा है कि अपराधी छवि वाले व्यक्ति भी बड़े आराम से किसी का भी दस्तावेज देकर किराए में रहना शुरू कर देते हैं। सिर्फ फर्जी डाक्यूमेंट्स वाले ही नहीं बल्कि कई चोरी, छिनतई करने वालों से लेकर गंभीर अपराध में शामिल व्यक्ति आसानी से रूम रेंट पर भी लेकर रहता है।

फेक आईडी से खाता खोल ठगी

फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड बनाने वाले जालसाज शहर में यह गोरखधंधा चला रहे हैं। ये लोग अलग-अलग लोगों के नाम और एड्रेस पर आधार और पैन कार्ड तैयार कर लेते हैं, जिसके बाद आधार एवं पैन कार्ड का डाटा चोरी कर बैंक में खाता खुलवा लेते हैं। फिर उसके माध्यम से साइबर ठगी करते हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल हुई हैं। आरोपियों ने फर्जी पैन और आधार कार्ड के माध्यम से किन-किन बैंकों में खाते खोले हैं और किन लोगों से पैसे अपने अकाउंट में मंगवाए हैं, इसकी जानकारी हासिल की जा रही है। गिरोह के सदस्य फर्जी कागजात पटना में भी सप्लाई करते हैं। वहां एक बड़ा गिरोह है, जो ठगी के अवैध धंधे में संलिप्त हैं।

फर्जी कागजात बनाने वाले गैंग के सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनसे मिली जानकारी पर छानबीन भी की जार रही है।

-अंशुमान कुमार, सिटी एसपी, रांची