रांची(ब्यूरो)। आसपास इलाकों से राजधानी रांची आने-जाने वाले लोगों के लिए गुड न्यूज है, उन्हें राजधानी आने-जाने के लिए अब सफर (दिक्कतों का सामना)नहीं करना पड़ेगा। शहर में सिटी बस सर्विस की तरह अब रांची आसपास इलाकों के लिए भी सिटी बसें चलाने का नगर विकास विभाग ने निर्णय लिया है, इसके तहत आसपास इलाकों के लिए 274 बसें चलाई जाएंगी। इस तरह शहर की परिवहन व्यवस्था जल्द ही आसपास इलाकों से भी जुड़ जाएगी।

डीपीआर तैयार

टंडन अर्बन सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड ने डीपीआर तैयार की है। इसके माध्यम से राजधानी की परिवहन व्यवस्था को सुधारने की दिशा में काम किया जा रहा है। सेकेंड फेज में नए-नए फ्लाईओवर व रिंग रोड का निर्माण होना है। यूएसपीएल की डीपीआर के तहत नगर विकास और आवास विभाग ने रांची नगर निगम में 244 नई सिटी बसों के परिचालन की तैयारी की है। इसे मार्च में कैबिनेट की स्वीकृति भी मिल चुकी है। वैसे भी किसी शहर में टिकाऊ और सतत सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए बेहतर परिवहन व्यवस्था बहुत जरूरी है। यह एक ऐसी नींव है, जो शिक्षा, कामकाज और अन्य सेवाओं तक पहुंच को सीधे तौर पर प्रभावित करता है। इसलिए राजधानी रांची की परिवहन व्यवस्था को सुधारने का काम जोरों पर है।

सिटी व आसपास का खत्म होगा गैप

जिन रूट पर सिटी बसें चलेंगी, वो रांची शहर के आसपास इलाकों से भी जुड़ी हैं। ऐसे में लोग आराम से जिले के दूसरे क्षेत्र में भी सफर कर पाएंगे। यह शहर और आसपास के बीच के गैप को खत्म करेगा। रोजगार के लिए रोजाना शहर व गांव आने-जाने वाले लोगों को लाभ होगा। दुबलिया में इंटरस्टेट बस टर्मिनल बनना है, जो सीधे रिंग रोड से जुड़ा होगा। ऐसे में अन्य राज्यों से आने वालों को रिंग रोड पर चलने वाली सिटी बस से शहर या अन्य क्षेत्रों में जाने में काफी सहूलियत होगी।

एक साथ 3 फ्लाईओवर निर्माण जोरों पर

राजधानी रांची में इन दिनों एक साथ तीन फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा है। इसमें कांटाटोली फ्लाईओवर, सिरमटोली चौक से डोरंडा राजेंद्र चौक तक फ्लाईओवर और रातू रोड फ्लाईओवर शामिल हैं। जिस तेजी से निर्माण कार्य चल रहा है। इसे देखते हुए कहा जा सकता है कि निर्धारित समय-सीमा के अंदर काम पूरा हो जाएगा। फ्लाईओवर बनने के बाद सिटी बसों का परिचालन काफी बेहतर तरीके से हो सकेगा। फ्लाईओवर पर सिटी बसें अचानक नहीं रुकेंगी। सिटी बसें शहर से बाहर रिंग रोड में भी चलेंगी। इससे जाम की समस्या नहीं होगी।

पूरा जिला होगा कवर

यूएसपीएल की डीपीआर में बसों के परिचालन के लिए जो रूटमैप और बस स्टॉप बनाए गए हैं। उनसे न केवल रांची शहर बल्कि पूरे जिले को जोड़ा जाएगा। इन रूटों में रिंगरोड को भी कवर किया गया है।

यहां के लिए चलेगी बस

किशोरी यादव चौक से मांडर-25 किमी

किशोरी यादव चौक से रामपुर-16 किमी

किशोरी यादव चौक से नगड़ी-15.8 किमी

किशोरी यादव चौक से ओरमांझी-22 किमी

किशोरी यादव चौक से पिठोरिया-16.3 किमी

किशोरी यादव चौक से तुपुदाना-15.5 किमी

रामपुर से मेसरा-25 किमी