RANCHI: रांची में हंगामा कर रहे लोगों को समझाने सीएम रघुवर दास शनिवार को खुद सड़क पर उतरे। लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। रघुवर दास हिनू चौक से लेकर डोरंडा, मेन रोड होते हुए फिरायालाल चौक तक रुक-रुक कर लोगों को समझाते हुए शांति की अपील कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक सद्भाव व सामाजिक सौहार्द्र रांची की परंपरा रही है, उसे हानि पहुंचाने वालों से सरकार सख्ती से पेश आएगी। रांची की सिविल सोसाइटी भी ऐसे लोगों को करारा जवाब देगी। अफवाहों पर ध्यान न दें। जो लोग माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं, उनकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने डीजीपी को निर्देश दिया कि ऐसे तत्वों से पुलिस कड़ाई से निपटे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी शहर की स्थिति नियंत्रण में है। इस बीच यदि किसी निर्दोष व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई, तो पुलिस उसे सम्मानजनक घर वापस भेजेगी। यदि कोई व्यक्ति घायल हुआ है, तो सरकार उसका समुचित इलाज कराएगी। उन्हें मुआवजा दिया जाएगा।

हार्दिक पटेल की गाड़ी पर पथराव, शीशा टूटा

रांची में उपद्रव के दौरान पटेल नवनिर्माण सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पाटीदार आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल के काफिले पर भी अपर हटिया में पथराव किया गया। पटेल शनिवार को रांची एयरपोर्ट से जमशेदपुर के लिए रवाना हो रहे थे। इसी बीच रांची अपर हटिया के इलाके में उनके काफिले पर अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया। इससे उनकी गाड़ी के शीशे टूट गए। इसके बाद अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आधे घंटे तक उनका काफिला घटनास्थल पर रुका रहा। इसके बाद क्0 गाडि़यों के काफिले के साथ पटेल जमशेदपुर के लिए रवाना हुए।