RANCHI: राजधानी रांची की फिजां में बुधवार को एक बार कुछ शरारती तत्वों ने जहर घोलने की कोशिश की। लेकिन असामाजिक तत्वों की इस साजिश को अमनपसंदों और प्रशासन की सूझबूझ से नाकाम कर दिया गया। प्रतिबंधित पशु अवशेष मिलने से पुरुलिया रोड मिशन चौक के समीप दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों गुटों के बीच मिशन चौक पर ¨हसक झड़प हुई। लोगों ने जमकर पथराव किया, जिसमें सिटी डीएसपी राजकुमार मेहता घायल हो गए।

आंसू गैस के गोले दागे

उग्र होती भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के पांच गोले दागने पड़े। दोनों गुटों पर बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया। इसके बाद भीड़ नियंत्रित हो सकी। हालांकि दोनों गुट के लोग दो छोर पर जुटकर एक-दूसरे को उकसाते रहे। दोनों पक्षों से नारेबाजी होती रही।

ढाई घंटे तक होती रही जोर-आजमाइश

मिशन चौक पर दोनों ओर से पथराव, नारेबाजी और भगदड़ के बीच करीब ढाई घंटे तक जोर-आजमाइश होती रही। इस दौरान मिशन चौक से जुड़ने वाली चारों ओर की सड़कों में आवागमन बाधित हो गया। सड़क पर जाम लग गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर शहर के लोअर बाजार, कोतवाली, लालपुर, चुटिया, डेली मार्केट सहित कई थानों की पुलिस पहुंच गई। एसडीओ अंजलि यादव, डीएसपी राजकुमार मेहता, डीएसपी भोला प्रसाद सिंह सहित अन्य अधिकारी पहुंचे। इस बीच दोनों समुदायों के अमनपसंद लोग सामने आए और बवाल काट रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। करीब 11 बजे सड़क से भीड़ हटी। फिर आवागमन शुरू हुआ।

वर्जन

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन ने तत्परता के साथ माहौल को कंट्रोल किया। माहौल बिगाड़ने की साजिश करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वीडियो फुटेज से उनकी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

-अंजलि यादव, एसडीओ, सदर रांची