RANCHI: व्हाट्सएप्प ग्रुप में समुदाय विशेष की धार्मिक भावना को आहत करने वाले पोस्ट से रविवार को कांके में माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर चार घंटे तक प्रदर्शन किया। कुछ देर के लिए कांके चौक तक जाम कर दिया गया। मामला कांके थाना पहुंचा, तो वहां भी दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। थाने में ही नारेबाजी होने लगी। लेकिन, पुलिस की तत्परता व अमन पसंद लोगों की बदौलत स्थिति काबू में हुई। हालांकि एहतियात के तौर पर प्रशासन ने कांके चौक और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त बलों की तैनाती कर दी है। देर शाम तक कांके थाना में ही ग्रामीण एसपी, सदर डीएसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी कैंप करते रहे।

भीड़ के आगे पुलिस बेबस

व्हाट्सएप्प पर पोस्ट की खबर सुनकर देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ कांके थाना में जुट गई और हंगामा करने लगी। भीड़ के आगे कांके थाना में मौजूद पुलिसकर्मी बेबस दिखे। इस हंगामे के बीच सूचना पाकर मौके पर ग्रामीण एसपी राजकुमार लकड़ा, सदर डीएसपी विकास चंद्र श्रीवास्तव, डीएसपी अमित कच्छप, डीएसपी संदीप गुप्ता सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया-बुझाया। लेकिन लोग दोषी व्यक्ति की गिरफ्तारी की मांग पर अडे़ थे। इधर, अंजुमन इस्लामियां रांची के सदर इबरार अहमद व कांके सेंट्रल अंजुमन इस्लामिया के सदर मो। अफजल सहित अन्य अमन पसंद लोगों के समझाने और पुलिस की ओर से ख्ब् घंटे में गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद लोग थाने से हटे।

क्या है मामला

जानकारी के अनुसार, व्हाट्सएप्प ग्रुप ऑल कांके ग्रुप्स, जिसके एडमिन पूर्व मुखिया अभिषेक राज हेरेंज हैं। इसी ग्रुप में कांके सेमरटोली निवासी मुकेश यादव पर आरोप है कि उसने धर्म विशेष की भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट कर दी। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। सैकड़ों लोग आरोपी मुकेश की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाना पहुंच गए।

आरोपी की गिरफ्तारी को छापे

ग्रामीण एसपी राजकुमार लकड़ा ने कहा कि मामले में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दोषी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। किसी कीमत पर दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।