रांची (ब्यूरो): दीपावली के अवसर पर श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा निर्मित व संचालित हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर दीपक की लौ और विद्युत सज्जा से जगमगा रहा है। दीपावली महापर्व का अनुष्ठान सोमवार की सुबह से ही प्रारंभ हो जाएगा। श्री श्याम मित्र मंडल के प्रथम महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया ने बताया कि बिजली की लरी से मंदिर का कोना कोना सजाया गया है। इस वर्ष प्रथम बार मंदिर परिसर में विशेष रंगोली सजावट की जाएगी। सभी सजावट को मंत्री गौरव अग्रवाल मोनू की निगरानी में की जा रही है।

नवीन वस्त्र पहनाए जाएंगे

श्री नारसरिया ने बताया कि सोमवार की सुबह खाटू नरेश का दीपावली महान अनुष्ठान होगा। नवीन वस्त्र पहनाए जाएंगे, सुगंधित इत्र से मसाज की जाएगी। श्रृंगार आरती प्रात: 8.30 बजे करके पंचमेवा का भोग लगाया जाएगा। इसी दिन महास्नान के बाद केसर तिलक का श्रृंगार भी किया जाएगा। फूलों की माला से खाटू नरेश का दिव्य मनोहारी श्रृंगार किया जाएगा। साईंकाल दीप मालिका के साथ बाबा के दर्शन हेतु खोल दिए जाएंगे।

दीप जला सकते हैं

मंदिर में लड्डू का प्रसाद निर्मित किया जा रहा है। मंडल के अध्यक्ष श्री सुरेश सरावगी ने बताया कि दीपावली को साईंकाल सभी भक्तगण बाबा के मंड की चौखट पर दीप मालिका यानी दीप जला सकते हैं। दीपक घी रुई की बत्ती श्री श्याम मंदिर में उपलब्ध रहेगा। एक भक्त परिवार द्वारा प्रात: व साईं कालीन नवीन वस्त्र श्रृंगार पंचमेवा की सेवा निवेदित की जाएगी। दीपावली उत्सव की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

सूर्य ग्रहण में मंदिर बंद रहेगा

श्री श्याम मंदिर हरमू रोड सूर्य ग्रहण के कारण मंगलवार को बंद रहेगा। मंदिर के सहयोगी आचार्य अनूप दाधीच ने बताया कि सूर्य ग्रहण शाम को 5.30 बजे समाप्त होने के बाद मंदिर की साफ सफाई होने के बाद खुलेगा। अनुमानित रात 8 बजे के बाद भगवान के दर्शन सर्व सुलभ होंगे।