रांची: जैसे-जैसे कोरोना का संक्रमण कम हो रहा है लोग अपने काम के लिए वापस लौटने लगे हैं। बहुत सारे लोग जो कोरोना के समय में दूसरे शहरों को छोड़कर रांची आ गए थे, वो अब रोजगार के लिए फिर से दूसरे शहर जाने लगे हैं। कोरोना के समय में फ्लाइट से आने वाले पैसेंजर की संख्या बहुत अधिक होती थी और जाने वाले लोगों की संख्या कम होती थी। लेकिन एक सप्ताह में रांची से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जाने वाले पैसेंजर की संख्या अब बढ़ गई है। इसमें अधिकतर लोग रोजगार के लिए रांची से बाहर जा रहे हैं।

धीरे-धीरे बढ़ रही फ्लाइट्स

रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर अलग-अलग शहरों के लिए अलग-अलग कंपनियों के 31 विमानों को चलाने की अनुमति है। लेकिन अभी भी पैसेंजर की संख्या बहुत अधिक नहीं है। इस कारण हर दिन 7 से 10 विमान ही उड़ान भर रहे हैं। एक सप्ताह के अंदर पैसेंजर की संख्या बढ़ने लगी है अब फ्लाइट्स की संख्या भी बढ़ने लगी है। एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि अभी बहुत कम पैसेंजर हैं, इसीलिए फ्लाइट की संख्या भी कम है जैसे ही पैसेंजर बढ़ेंगे, फ्लाइट की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।

रद्द करनी पड़ी थीं फ्लाइट्स

मई महीने के शुरुआत में कोरोना प्रकोप का असर विमान सेवाओं पर पड़ना शुरू हो गया था। विमान सेवाओं में तेजी से कमी आई थी। वहीं कोरोना मरीजों के उपचार में काम आने वाले ऑक्सीजन के टैंकरों को लेकर आने वाले मालवाहक विमानों की आवाजाही बढ़ रही थी। जो यात्री विमान सेवाएं रांची से आवाजाही कर रही हैं, उनमें यात्रियों की भारी कमी हो गयी थी। एयरपोर्ट के अधिकारियों के अनुसार, संक्रमण का असर विमान सेवाओं पर पड़ा। पूर्व में बुकिंग टिकट तेजी से कैंसिल कराये जा रहे थे। अब यात्री उपलब्धता अच्छी होने पर नियमित विमान सेवाओं की आवाजाही हो रही है।

फरवरी से पकड़ने लगा था जोर

अधिकारियों के मुताबिक, कोरोना के पहले फेज की समाप्ति के बाद इस साल फरवरी से विमान सफर का सिलसिला रफ्तार पकड़ने लगा था। गत 20 फरवरी को करीब सात हजार यात्रियों ने रांची से विभिन्न महानगरों के लिए आवाजाही की। इसमें दूसरे शहरों से रांची एयरपोर्ट आनेवाले 3,320 और प्रस्थान करने वाले यात्रियों की संख्या 3,580 थी। एयरलाइंस कंपनियां लगातार बढ़ते यात्रियों से उत्साहित होकर मुख्यालयों से सेवा बढ़ाने का आग्रह भी करने लगी थीं, लेकिन संक्रमण के दूसरे फेज के खतरनाक स्वरूप के बाद यात्रियों के टोटा से विमान सेवाओं में कमी आने लगी है। कोरोना काल से पहले रांची से 32 विमान सेवाओं का परिचालन होता था। छोटे शहरों के बीच हवाई सेवा प्रकोप के कारण बंद है। केवल रांची से दिल्ली, बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता और मुंबई सेक्टर के लिए विमान सेवाएं उपलब्ध हैं।