RANCHI:राजधानी के लोगों को जल्द ही नए वेजिटेबल मार्केट में सब्जियों की खरीदारी का मौका मिलेगा। सिटी में बन रहे वेजिटेबल मार्केट को इसी महीने पूरा करने का आदेश जारी किया गया है। कोरोना और लॉकडाउन की वजह से वेजिटेबल मार्केट के निर्माण में एक साल का विलंब हो चुका है। 2020 में मार्केट निर्माण का काम पूरा कर लेना था। 11 महीने के लॉकडाउन ने सिटी में हो रहे सभी डेवलपमेंट वर्क को प्रभावित किया है। अब जब कोरोना की रफ्तार धीमी पड़ी है, सभी तरह के कंस्ट्रक्शन वर्क को जल्द से जल्द पूरा करने का आदेश जारी किया गया है। इसमें नागा बाबा सब्जी मार्केट को इसी महीने 10 अगस्त तक तैयार करने का समय दिया गया है। जबकि, अन्य सभी प्रोजेक्ट पर छह महीने का समय दिया गया है। नगर विकास विभाग की ओर से काम करा रही सभी एजेंसियों को पत्र जारी कर जल्द से जल्द काम खत्म करने का निर्देश दिया गया है।

लगा कोरोना ब्रेक

कोरोना महामारी ने लोगों के जीवन के साथ-साथ शहर के सभी विकासात्मक कार्य को भी प्रभावित किया है। अधूरे पडे़ डेवलपमेंट वर्क को एक बार फिर से गति देने का प्रयास किया जा रहा है। बिरसा मुंडा स्मृति पार्क, म्यूजियम, रविंद्र भवन, वेजिटेबल मार्केट के निर्माण में तेजी लाने का आदेश दे दिया गया है। नागा बाबा सब्जी मार्केट को इसी महीने पूरा करने का लक्ष्य है, जबकि जेल रोड स्थित बिरसा मुंडा स्मृति पार्क को 10 नवंबर और रविंद्र भवन का निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया है।

फंड व लेबर की कमी

कांट्रैक्टर्स के सामने फंड और लेबर दोनों की समस्या है। 60 परसेंट लेबर के साथ काम कराने के आदेश से कांट्रैक्टर्स की चिंता बनी हुई है। वहीं समय पर भुगतान नहीं होने के कारण भी काम तेजी से आगे नहीं बढ़ पा रहा है। कांट्रैक्टर्स का कहना है कि यदि फंड समय पर उपलब्ध करा दिया गया, तो निश्चित समय पर काम जरूर पूरा हो जाएगा।

315 करोड़ के हैं प्रोजेक्ट्स

रांची में लगभग दो साल पहले चार पहले चार प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू हुआ था। इन्हें 2020 तक पूरा करने का लक्ष्य था। 315 करोड़ के इन प्रोजेक्ट्स पर 2020 के अप्रैल महीने से ब्रेक लगा हुआ है। अक्टूबर में काम शुरू तो हुआ लेकिन फंड और लेबर की कमी के कारण किसी भी प्रोजेक्ट पर तेजी से काम आगे नहीं बढ़ा। जबतक काम में तेजी आती सिटी में फिर एक बार लॉकउाउन लगा दिया गया। करीब चार महीने के लॉकडाउन के बाद अब धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो रही है। डेवलपमेंट वर्क में भी तेजी लाने का आदेश जारी कर दिया गया है।

पैसों का कोई जिक्र नहीं

वेजिटेबल मार्केट का निर्माण काम करा रहे अवधेश सिंह ने बताया कि विभाग की और से इसी महीने काम खत्म करने का आदेश तो दिया गया है, लेकिन फंड के बारे में कोई बात नहीं हुई। उन्होंने बताया कि विभाग को पत्र लिखकर अपनी समस्या से अवगत करा चुके है। अवधेश सिंह ने बताया कि काम लगभग पूरा हो चुका है। फायर फाइटिंग, वाटर हार्वेस्टिंग, पेवर्स ब्लॉक, लाइट फिटिंग और ट्रांसफर्मर का काम अधूरा है। अगस्त के अंत तक इसे पूरा कर लिया जाएगा।

इन प्रोजेक्ट पर चल रहा है वर्क

1. नाबा बाबा खटाल वेजिटेबल मार्केट

12 करोड़ की लागत से इस मार्केट का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। मार्केट में फायर फाइटिंग, वाटर हार्वेस्टिंग, पेवर्स ब्लॉक, लाइट फिटिंग और ट्रांसफर्मर का काम अधूरा है। इस महीने पूरा करने का लक्ष्य।

2. डिस्टिलरी पुल सब्जी मार्केट

5.50 करोड़ रुपए के इस प्रोजेक्ट में भी लगभग 30 परसेंट काम बचा हुआ है। इस मार्केट को भी अगस्त महीने में ही पूरा करने को कहा गया है। मार्केट में लगभग 300 दुकानदारों को बसाया जाएगा।

3. रविंद्र भवन

कचहरी जयपाल सिंह स्टेडियम के समीप बन रहे रविंद्र भवन का निर्माण कार्य दिसंबर महीने तक पूरा करने को कहा गया है। रविंद्र भवन में फिलहाल काफी काम शेष है। बिल्डरों का कहना है दिसंबर तक पूरा करना संभव नहीं।

4. बिरसा मुंडा स्मृति पार्क

जेल रोड स्थित पुराने जेल परिसर में बनाए जा रहे बिरसा मुंडा स्मृति पार्क को नवंबर तक पूरा करने का आदेश दिया गया है। पार्क में 80 परसेंट काम पूरा हो चुका है।