रांची (ब्यूरो) । अल्बर्ट ए क्का चौक मुख्य मार्ग पर विगत 1971 से आकस्मिक कारणों को छोडक़र यथासंभव और आकर्षक पूजा का आयोजन चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति करता रहा है। इसी के तहत दुर्गा पूजा और पंडाल निर्माण की शुरुआत क्लब के संस्थापक सदस्यों अध्यक्ष पदाधिकारी एवं सदस्यों के बीच यजमान के द्वारा भूमि पूजन के साथ प्रारंभ हुई। चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति इस वर्ष शहर वासियों एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों को अपने पूजा पंडाल प्रारूप में देवलोक का प्रस्तुति करने जा रहा है।

नयनाभीराम मां का दरबार

बेहद ही आकर्षक रूप से पूजा पंडाल मनोरम लाइटिंग और नयनाभीराम मां का दरबार होगा कोलकाता से आए कारीगरों के द्वारा पूजा पंडाल का निर्माण किया जाएगा और पूजा पंडाल में लगने वाले आकर्षक लाइट भी पूजा पंडाल के प्रारूप देवलोक के तर्ज पर बेहद ही खास रूप से लगाई जाएगी। इस देवलोक में मां दुर्गा और मां दुर्गा के दरबार में स्थापित प्रतिमाओं के अलावा अन्य भगवान की प्रतिमा बेहद ही संजीदगी के साथ आए श्रद्धालुओं के बीच प्रस्तुत रहेगी। क्लब के अध्यक्ष पदाधिकारी सहित सभी सदस्य पंडाल निर्माण से लेकर मां के विसर्जन शोभायात्रा तक अपने अथक प्रयास से शहर वासियों को आकर्षक और भव्य पूजा का आयोजन के लिए कृत संकल्पित हैं। चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रमेश सिंह ने कहा की हम सभी सदस्य भूमि पूजन के साथ मां के आराधना के लिए बेहद ही तत्परता के साथ लग चुके हैं।