RANCHI : सड़क छाप शोहदों की अब खैर नहीं। अगर राह चलते किसी युवती को किसी ने छेड़ा तो उसे दुर्गा शक्ति नारी सेना सबक सिखाएगी। किशोरगंज रोड नंबर-छह के शिवशक्ति नगर में रविवार को महिलाओं ने बैठक कर दुर्गा शक्ति नारी सेना का गठन किया। सेना की कमान रंभा देवी को दी गई है। उन्होंने कहा कि इस इलाके में अब महिलाओं व युवतियों को छेड़ने वाले शोहदे को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा। पुलिस सहयोग करे अथवा नहीं, लेकिन सेना की महिलाएं ऐसे शोहदों से खुद निपटेगी।

अवेयर होंगी महिलाएं

दुर्गा शक्ति नारी सेना न सिर्फ महिलाओं की सुरक्षा के लिए काम करेगी, बल्कि उन्हें शिक्षित और सशक्त बनाएगी। इसके लिए अभियान चलाया जाएगा। इसमें आम लोगों से भी सहयोग लिया जाएगा। सेना की बैठक में प्रमुख रुप से शालिनी, माधुरी जैन, ममता देवी, छाया देवी, अनिता देवी, सोनी सिन्हा, सोनी देवी, समेत काफी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं।

पुलिस अफसरों के साथ बैठक में आया था प्रपोजल

किशोरगंज इलाके में मनचलों द्वारा युवतियों के छेड़छाड़ की हो रही घटनाओं के मद्देनजर ही इलाके की महिलाएं काफी परेशान थीं। उन्होंने इसकी जानकारी प्रशासन के अधिकारियों को दी थी। ऐसे में यहां की महिलाओं के साथ पुलिस प्रशासनिक अफसरों की बैठक हुई थी। इस बैठक में डीआइजी अमोल वी होमकर, एसएसपी कुलदीप द्विवेदी, महिला थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद की मौजूदगी में महिला संगठन के गठन के प्रस्ताव पर सहमति बनी थी।

सेना के सदस्यों की जिम्मेदारी तय

दुर्गा शक्ति नारी सेना के गठन के बाद रंभा रानी साह को अध्यक्ष, छाया देवी उपाध्यक्ष, सोनी सिन्हा-जितेंद्र कुमार सिंह सचिव, सोनी देवी कोषाध्यक्ष, सुधा कुमारी और निर्मला देवी को प्रचार मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा संजू देवी को संगठन सचिव, और सोनी कुमारी व बबिता पांडेय को मीडिया प्रभारी बनाया गया है।