रांची : डोरंडा थाने की पुलिस ने छेड़खानी के आरोपित मुकेश कुमार साव को गिरफ्तार किया है। वह डोरंडा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। मुकेश ने बीते आठ अगस्त को वन विभाग के एक अधिकारी की पत्नी से छेड़खानी की थी। बताया जाता है कि मुकेश अधिकारी के घर घुसा। हथियार का भय दिखाकर उनकी पत्नी से छेड़खानी की। हालांकि हो-हल्ला होने के बाद अपराधी मुकेश हथियार छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तब घटनास्थल से देसी कट्टा बरामद किया था। गुरुवार को पुलिस ने आरोपित को दबोच लिया। उसके पास से एक चाकू भी बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म स्वीकार किया है। उसने यह बात भी स्वीकार की है कि वह डोरंडा की कई युवतियों के साथ छेड़खानी कर चुका है।

हो गया था फरार

सात महीना पहले आरोपित मुकेश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। उस समय भी तीन-चार आरोपित मिलकर छेड़खानी कर रहे थे। डोरंडा थानेदार शैलेश प्रसाद ने बताया कि आरोपित मुकेश दस जनवरी 2020 को अपने तीन अन्य साथियों के साथ एजी कॉलोनी गौरीशंकर नगर के समीप एक महिला से हथियार के बल पर छेड़खानी कर रहा था। गश्ती पुलिस की टीम ने तीन आरोपियों को मौके पर से ही गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों में आयुष कुमार, मनीष कुमार और सूरज सेठ शामिल थे। वहीं मुकेश मौके पर से फरार हो गया था। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म स्वीकार किया है। उसने यह बात भी स्वीकार की है कि वह डोरंडा की कई युवतियों के साथ छेड़खानी कर चुका है।

--