धनबाद (ब्यूरो)। धनबाद के शक्ति मंदिर रोड स्थित आशीर्वाद टावर में मंगलवार की शाम आग लग गई। आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई। रात दस बजे तक 14 लोगों के शव बरामद कर लिए गए थे। बुरी तरह से झुलसे अन्य 18 लोगों को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में तीन हजारीबाग के हैं। इधर, दमकलकर्मियों, पुलिसकर्मियों तथा स्थानीय लोगों के प्रयास से लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है।

चार दिनों में दूसरी घटना

धनबाद में आगलगी की चार दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी घटना है। 28 जनवरी को हाजरा हॉस्पिटल में भीषण आग लगी थी, जिसमें हॉस्पिटल के संचालक डॉ विकास हाजरा व उनकी पत्नी डॉ प्रेमा हाजरा समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस घटना के 3 दिनों के बाद ही मंगलवार की शाम शक्ति मंदिर रोड स्थित आशीर्वाद टावर में शादी वाले घर आग लग गई।

बड़ी संख्या में लोग फंसे

आशीर्वाद टावर की आग में दो दर्जन से अधिक परिवार फंस गए थे। राहत और बचाव कार्य मंगलवार की देर रात तक जारी था। जानकारी के अनुसार अपार्टमेंट के जिस टावर में आग लगी, उसमें एक विवाह समारोह चल रहा था। इसमें शामिल होने झारखंड और बिहार के अलावा अन्य कई शहरों से लोग आए हुए थे। विवाह समारोह में भाग लेने के लिए आए लोग भी इसमें फंस गए थे।

टावर में 80 फ्लैट

बताया जाता है कि आशीर्वाद टावर आवासीय के साथ-साथ व्यावसायिक केंद्र भी है। इसमें करीब 70 से 80 फ्लैट हैं। 12 मंजिला इस टावर के चौथी मंजिल पर आग लगी। यहां रहने वाले पंकज अग्रवाल के घर में मंगलवार को शादी थी। कोडरमा से बरात आने वाली थी। परिवार समेत अपार्टमेंट के लोग शादी की तैयारी में लगे हुए थे। सबसे पहले आग इसी फ्लैट में लगी, इसके बाद दूसरे फ्लैट में भी फैल गई।

धनबाद के आशीर्वाद टावर में आग लगने से लोगों की मृत्यु अत्यंत मर्माहत करने वाली है। जिला प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर राहत कार्य किया जा रहा है। हादसे में घायल लोगों को उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। मैं स्वयं पूरे मामले को देख रहा हूं। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारों को दुख की विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।

-हेमंत सोरेन, मुख्यमंत्री, झारखंड