रांची (ब्यूरो) : दो घंटे में लोग गोवा पहुंचेगे, अभी रांची से गोवा जाने में कनेक्टिंग फ्लाइट में चार से पांच घंटे लगते हैैं।

विंटर शेड्यूल होगा जारी

रांची एयरपोर्ट का विंटर शेड्यूल 25 अक्टूबर तक जारी होगा। इस बार पर्यटन पर खास जोर है। इसलिए रांची से बाबा नगरी देवघर, नॉर्थ ईस्ट और गोवा के लिए विमान सेवा शुरू करने की तैयारी है। इन तीन सेक्टरों को जोडऩे के लिए एयरलाइंस कंपनियों ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को प्रस्ताव भेजा है। वहां से मंजूरी के बाद इसे डायरेक्टोरेट जेनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) को भेजा जाएगा। डीजीसीए की मंजूरी मिलते ही विंटर शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा। नए सेक्टर में विमानों का किराया क्या होगा इसका फैसला एयरलाइंस कंपनियों ने अभी तक नहीं लिया है।

रांची से बाबाधाम

इंडिगो द्वारा कोलकाता रांची देवघर फ्लाइट भी शुरू करने का प्रस्ताव दिया गया है। रांची से काफी संख्या में लोग जल चढ़ाने के लिए बाबाधाम जाते हैं। अभी ट्रेन से जाने में 10 घंटे और कार से जाने में छह से सात घंटे लगते हैं। फ्लाइट शुरू होने के बाद रांची से देवघर आधे घंटे में पहुंच जाएंगे। इंडिगो ने जो प्रस्ताव दिया है उसके अनुसार रांची से दोपहर के तीन बजे फ्लाइट देवघर के लिए उड़ान भरेगी।

रांची-दिल्ली विमान सेवा बंद

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का स्लॉट कायम रखने के लिए एयर इंडिया की रांची-दिल्ली विमान सेवा बंद की गई है। एयर इंडिया देश के महानगरों के बीच उड़ान बढ़ा रही है। इसके लिए छोटे सेक्टर की कुछ उड़ानें बंद की जा रही हैं। इसमें रांची, रायपुर जैसे शहर शामिल हैं। इन शहरों के विमान का उपयोग महानगरों में होगा। रांची से बंद यह दिल्ली विमान सेवा यहां की सबसे पुरानी विमान सेवा है।

यात्रियों की परेशानी बढ़ी

रांची से इस सेवा के बंद होने से यात्री परेशान हैं। इनमें खासकर रांची से दिल्ली और वहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की कनेक्टिंग सेवाओं के यात्री शामिल हैं। रांची से दिल्ली सेवा बंद होने के कारण महीनों पहले अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की बुकिंग कराए यात्रियों को परेशानी हुई। यात्रियों का टिकट रिशिड्यूल कर उन्हें पटना और कोलकाता से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की कनेक्टिंग दी जा रही है।

सात हजार यात्री रोज कर रहे सफर

रांची एयरपोर्ट से इन दिनों हर दिन दिन करीब सात हजार यात्री सफर कर रहे हैं। अमूमन हर दिन करीब आने जाने वाले फ्लाइटों की संख्या 50 के करीब है। रांची से दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता, पटना, बेंगलुरु के लिए फ्लाइट्स चल रही हैं।

ये फ्लाइट्स चलेंगी

इंडिगो की कोलकाता-रांची-देवघर विमान सेवा दोपहर 3 बजे।

एयर एशिया की बेंगलुरू-रांची-गुवाहाटी दोपहर 12 बजे।

इंडिगो की रांची से गोवा सीधी विमान सेवाए शाम 5 बजे।

इंडिगो की रांची-लखनऊ फ्लाइट दोपहर एक बजे की जगह सुबह 7 या 8 बजे।