RANCHI: झारखंड में 500-500 बेड के चार अस्पताल जल्द खुलने वाले हैं। इस दिशा में राज्य सरकार ने काम शुरू कर दिया है। अस्पताल निर्माण के लिए 23 फरवरी को प्री बीड मीटिंग तय है। इसके पहले तीन जिलों में 100-100 बेड के तीन मेडिकल कॉलेजों का भी काम चल रहा है। इसी कैंपस में 500 बेड का अस्पताल भी शुरू होगा। गौरतलब हो कि राज्य में सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल रिम्स है। 500 बेड के इस सरकारी अस्पताल में इतनी अधिक भीड़ होती है कि लोगों को बेड नहीं मिलता है और जमीन पर इलाज करना पड़ता है। पूरे राज्य से लोग इलाज कराने रिम्स पहुंचते हैं। बहुत जल्द ऐसे लोगों की परेशानी खत्म होने वाली है।

4 जिलों में बनेंगे अस्पताल

झारखंड स्टेट बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन के मैनेजिंग डायरेक्टर सुनिल कुमार ने बताया कि चार नए अस्पतालों का काम जल्द शुरू होगा। हजारीबाग, पलामू, दुमका और जमशेदपुर में अस्पतालों का निर्माण होगा। सभी अस्पताल 500 बेड के होंगे। जमशेदपुर में बनने वाला 500 बेड का अस्पताल एमजीएम कैंपस में ही बनाया जाएगा। इसके अलावा हजारीबाग, दुमका और पलामू में नए कैंपस में अस्पताल बनेगा, जहां मेडिकल कॉलेज बन रहा है, उसी के बगल में अस्पताल का निर्माण भी किया जाएगा।

1600 करोड़ होगा खर्च

जिन चार अस्पतालों का निर्माण किया जाना है, उन पर करीब 1600 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। दुमका में बनने वाले मेडिकल अस्पताल पर 402 करोड़ रुपए खर्च कि ए जाएंगे। इसी तरह हजारीबाग में बनने वाले अस्पताल पर 426 करोड, पलामू के अस्पताल पर 399 करोड़ और जमशेदपुर में बनने वाले अस्पताल के लिए 357 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

.बॉक्स।

2020 में शुरू हो जाएंगे अस्पताल

चारों जिलों में बनने वाले अस्पतालों के लिए 30 महीने का समय दिया गया है। एमडी सुनिल कुमार बताते हैं कि मार्च से अप्रैल महीने तक काम करने वाली एजेंसी का चयन कर लिया जाएगा। उसके बाद अस्पताल के निर्माण के लिए हमलोगों ने अधिकतम 30 महीने का समय दिया है। इससे पहले ही निर्माण कार्य पूरा करा लिया जाएगा। 30 महीने के समय के अनुसार 2020 में अस्पताल शुरू हो जाएंगे।

बॉक्स

अभी बन रहे हैं मेडिकल कॉलेज

अभी हजारीबाग, पलामू और दुमका में 100-100 सीट के मेडिकल कॉलेजों का निर्माण कार्य चल रहा है। डेढ़ साल पहले काम शुरू किया गया है और तेजी से काम चल रहा है। विभाग के अधिकारियों की मानें तो 2018 में सभी मेडिकल कॉलेजों का काम पूरा हो जाएगा। 2019 से नए मेडिकल कॉलेज में स्टूडेंट्स का एडमिशन शुरू हो जाएगा। झारखंड में बनने वाले मेडिकल कॉलेजों का निर्माण दुनिया की प्रतिष्ठित कंस्ट्रक्शन कंपनी शापूरजी पालोनजी द्वारा किया जा रहा है।

वर्जन

हजारीबाग, पलामू, दुमका व जमशेदपुर में 500-500 बेड के अस्पतालों का निर्माण शुरू किया जा रहा है। फरवरी में प्री बीड मीटिंग है। इन अस्पतालों में सारी हाइटेक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कंस्ट्रक्शन कार्य पूरा कराने का अधिकतम समय 30 महीने रखा गया है, लेकिन इसको पहले ही पूरा कर लिया जाएगा। अभी राज्य में 100-100 सीटों के तीन मेडिकल कॉलेजों का निर्माण चल रहा है, जो इसी साल पूरे हो जाएंगे।

सुनिल कुमार, एमडी, झारखंड स्टेट बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन