रांची (ब्यूरो) । प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर सोमवार को प्रात: 8 बजे रांची पहाड़ी मंदिर में सुंदरकांड शुरू किया गया एवं प्रभु श्री राम का जीवंत स्वरूप बनाया गया था जिसे देख सभी राम भक्त मंत्रमुग्ध हो गए। सभी लोग प्रभु का एक झलक पाने के लिए और प्रभु के साथ सेल्फी के लिए उत्सुक दिखे। प्रभु श्रीराम के अयोध्या में आरती शुरू होते ही पहाड़ी मंदिर विकास समिति के सदस्यों द्वारा महाआरती आयोजित की गई।

आरती के बाद डांस झारखंड के प्रशिक्षक राम सिंह की टीम ने एक से बढक़र एक भक्तिमय भजन और नृत्य पेश कर मंदिर परिसर में उपस्थित भक्तों को झूमने के लिए विवश कर दिया।

मंत्रमुग्ध कर दिया

मशहूर गायक सक्षम तिवारी ने राम आएंगे और जय सिया राम जैसे मनमोहक गानों के साथ लोगों को करीब 2 घंटे तक मंत्रमुग्ध कर दिया। नन्हे कलाकारों ने मंदिर के बाहर रंगोली द्वारा अयोध्या राम मंदिर का प्रारूप बनाया जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से सचिव राकेश सिन्हा, शिव बारात के अध्यक्ष राजेश साहू कार्यक्रम संयोजक मेहुल प्रसाद, राम सिंह, राजकुमार तलेजा, दीपक नंन्दा, उर्मिला चौधरी, बादल सिंह, पियूष राज, चार्ली, शुभम सोनी, मोनू शर्मा, अंशु तिवारी, सोनी तिवारी, स्वप्ना चटर्जी, रूपा बनर्जी समेत राम कई भक्तों का अहम् योगदान रहा।