- मेन रोड के अलावा बाजारों में भी रेंगती नजर आई गाडि़यां

- दिन भर हुई बारिश, धनतेरस के मौके पर बाजार पर रहा बोझ

शुक्रवार को सिटी की सड़कों पर गाडि़यां रेंगती नजर आईं। एक तो बारिश, ऊपर से जाम के कहर ने लोगों को खूब परेशान किया। सिटी का ऐसा कोई इलाका नहीं था, जहां जाम नहीं लगी। मुख्य सड़कों पर जहां फोर व्हीलर घंटों रेंगती नजर आई, वहीं सहायक सड़कों पर ऑटो और टू-व्हीलर गाडि़यां जहां-तहां फंसी रहीं।

घंटों में तय हुआ मिनटों का सफर

बारिश के बावजूद धनतेरस की खरीदारी को निकले लोगों को सबसे ज्यादा मुसीबत अपर बाजार में झेलनी पड़ी। यहां दिवाली और धनतेरस बाजार में आए लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया। आलम यह था कि एक ही जगह खरीदारी करने गए लोग मिनटों का सफर घंटों में तय करते नजर आए। अपर बाजार में रंगरेज गली तो पूरी तरह से जाम थी ही, जालान रोड, बकरी बाजार एरिया और बंशीधर अडुकिया रोड में भी घंटों लोग फंसे रहे।

चर्च कॉम्प्लेक्स : लंबी कतार ने किया परेशान

मेन रोड में सर्जना चौक से लेकर महात्मा गांधी चौक, रतन टॉकीज चौक और चर्च कॉम्प्लेक्स एरिया तक में वाहनों की लंबी कतार देखी गई। बारिश के कारण ज्यादातर लोग फोर व्हीलर से ही निकले थे। आलम यह था कि डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क पर पांच हजार से ज्यादा गाडि़यां खड़ी थीं। वाहन रेंग रहे थे और लोग घंटों गाडि़यों में ही बैठे रहे।

कडरू फ्लाई ओवर : निकलने में लगा एक घंटा

डोरंडा से अशोक नगर और हरमू बाई बास से हिनू जाने के लिए इस्तेमाल होने वाले कडरू फ्लाई ओवर की भी स्थिति शुक्रवार को बेहद खराब रही। यह फ्लाई ओवर मुश्किल से आधे किलोमीटर का है, लेकिन इससे निकलने में ही लोगों को एक घंटे का औसत समय लग गया। इस फ्लाई ओवर पर भी एक बार में एक हजार से ज्यादा गाडि़यां रेंगती नजर आईं।

ओवर ब्रिज : रंगती रही गाडि़यां

मेन रोड से खरीदारी कर डोरंडा, हिनू, धुर्वा और हटिया जाने वाले लोगों के लिए मेन रोड ओल्ड ओवर ब्रिज पार करना बेहद कठिन हो गया। इस ब्रिज को क्रॉस करने में भी लोगों को औसत 45 मिनट का समय लग गया। आगे हिनू में भी जाम के कारण लोगों को दोहरी मार झेलनी पड़ी। ओवर ब्रिज पर एक साथ हजारों की संख्या में गाडि़यां खड़ी नजर आईं।

आम लोगों की प्रतिक्रिया

सड़क पर चलना मुश्किल हो गया। जिस इलाके में गए, वहीं फंस कर रह गए। एक ही काम को करने में तीन घंटे का वक्त लग गया।

ज्योति शर्मा

लोगों को बड़ी गाडि़यां लेकर निकलने से बचना चाहिए। मेन रोड में धनतेरस की खरीदारी के लिए निकलने वालों को बहुत परेशानी हुई।

सरफे आलम

सिटी में ट्रैफिक मैनेजमेंट ध्वस्त नजर आया। कई इलाकों में तो बारिश के कारण ट्रैफिक पुलिस के जवान भी नजर नहीं आए।

बबलू कुमार

फेस्टिव सीजन में लोगों का बाहर निकलना स्वभाविक है, लेकिन जाम एक बड़ी समस्या बन गई है। डिपार्टमेंट को इस पर ध्यान देना चाहिए।

अजय कुमार