रांची (ब्यूरो) । रामनवमी महापर्व को लेकर रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सभी थानों को स्पेशल इंस्ट्रक्शन दिए जा रहे हैं। प्रशासन लगातार बैठक कर अपराधियों पर नजर रखने का आदेश जारी कर रहा है। वहीं करीब एक हजार लोगों को नोटिस भेजा गया है। असामाजिक तत्वों पर नकेल कसते हुए धारा 107 के तहत एसएसपी के निर्देश पर इन लोगों को नोटिस भेजा गया है। वैसे लोग जो शांति और सौहार्द बिगाड़ सकते हैं, उन्हें प्रशासन की ओर से नोटिस भेजा गया है। इसके अलावा रांची पुलिस आम लोगों से भी शांति बनाए रखने की अपील कर रही है। एक पत्र जारी कर रांची पुलिस शहर वासियों त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था कायम रखने में सहयोग करने और सोशल मीडिया पर किसी भी तरह के भ्रामक चीजों का प्रचार-प्रसार नहीं करने की अपील की है। यदि कोई ऐसा करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

5000 पुलिस बल, 500 होमगार्ड

राजधानी रांची में रामनवमी को लेकर सुरक्षा को देखते हुए करीब पांच हजार अतिरिक्त जवानों को लगाया गया है। स्पेशल ब्रांच ने राज्य के सभी एसपी को अलर्ट किया है। राज्य में किसी तरह की हिंसा ना फैले और ना ही किसी को किसी भी तरह की परेशानी हो, इसकी पूरी कोशिश सुरक्षा में तैनात जवान करेंगे। पूरे राज्य की बात कर करे तो करीब 13 हजार जवानों को ड्यूटी दी गई है। वहीं रांची में 500 होमगार्ड के जवान भी सुरक्षा पर नजर रखेंगे। इसके अलावा अन्य सुरक्षा बल जैसे सीआरपीएफ, रैफ, सशस्त्र बल और लाठी बल जुलुस में रामभक्तों की सुरक्षा में तैनात होंगे।

अफवाह फैलाने पर कार्रवाई

पुलिस द्वारा सोशल मीडिया की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्हें चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि ऐसी किसी को ऐसी जानकारी मिलती है, जिससे किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचती है तो फौरन इसकी सूचना पुलिस को दें। सोशल मीडिया और असामाजिक तत्वों पर निगरानी के लिए पुलिस ने अखाड़ा समितियों के साथ मिलकर वाट्सएप ग्रुप तैयार किया है। इस गु्रुप में शहर के पल-पल के अपडेट दिए जाएंगे। इसमे अखाड़ाधारियों से मदद की अपील की गई है।

हेल्पलाइन नंबर जारी

रामनवमी जुलुस के दौरान किसी तरह की कोई अप्रिय घटना होने या असामाजिक एक्टिविटी दिखने पर इसकी जानकारी फौरन पुलिस को दी जा सकती है। प्रशासन ने इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 6299423768 जारी किया है, जिस पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा 100 नंबर डायल कर भी जानकारी दी जा सकती है। वहीं ऐसी किसी घटना की जानकारी रांची पुलिस के ट्विटर हैंडल या फेसबुक पेज पर भी दे सकते हैैं, ताकि पुलिस घटना पर तत्काल कार्रवाई कर सके।

प्रतियागिता वाले स्थान पर नजर

जिन-जिन स्थानों पर अस्त्र-शस्त्र प्रतियोगिता आयोजित किए जाएंगे वहां पुलिस की विशेष निगरानी दल मौजूद रहेगी। सीनियर एसपी ने इस संबंध में सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट रहने के आदेश दिए हैं। साथ ही ऐसे स्थानों के अखाड़ाधारी को भी संवेदनशील रहने की अपील की गई है। सदस्यों को लगातार थाना के संपर्क में रहने को कहा गया है। अस्त्र-शस्त्र प्रतियोगिता वाले स्थानों पर कई बार किसी अप्रिय घटना होने की शिकायत मिलती रही है। जिसे देखते हुए पुलिस पहले से ही सारी तैयारियां कर चुकी है। पुलिस की टीम संवेदनशील स्थानों पर गश्त भी कर रही है।

रामनवमी को लेकर रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है। शहर में शांति व्यवस्था की बहाली को लेकर सभी थानों को दिशानिर्देश दिए गए हैं। लगातार निरीक्षण हो रहा है।

किशोर कौशल, एसएसपी, रांची