रांची (ब्यूरो): भारतीय जीवन बीमा निगम पूर्वी मध्य क्षेत्र पटना और जमशेदपुर प्रमंडल की ओर से भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी निक्की प्रधान और सलीमा टेटे को 10-10 लाख रुपए देकर सम्मानित किया। पुरुलिया रोड स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम रांची शाखा दो में आयोजित इस सम्मान समारोह में जमशेदपुर प्रमंडल के एसडीएम सूर्य नारायण पांडा ने दोनों खिलाडिय़ों को 10-10 लाख का चेक प्रदान किया। इस अवसर पर एसडीएम सूर्य नारायण पांडा ने कहा कि दोनों खिलाडिय़ों ने हमारा गौरव बढ़ाने का काम किया है। दोनों खिलाडिय़ों का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणादाई है।

रखे अपने विचार

इस अवसर पर दोनों ओलंपियन सलीमा टेटे और निक्की प्रधान ने भी अपने विचार रखें। सलीमा टेटे ने कहा कि आगे बढऩे के लिए फैमिली सपोर्ट की बहुत जरूरत है। निक्की प्रधान ने कहा कि रहने के लिए हॉस्टल भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा था, लेकिन वह अपनी मंजिल पर अडिग रहीं। उनका सपना था कि वह ओलंपिक खेले। कार्यक्रम का संचालन रांची शाखा दो के शाखा प्रबंधक अनुप लाल किस्कू ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में रांची शाखा दो के मनोज मिंज, आशीष दास, मुनव्वर वशी, राजीव रंजन आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर एलआईसी के कर्मचारी और अधिकारी भी मौजूद थे।

टीचर ट्रेनिंग सह सम्मान समारोह संपन्न

डीएवी आलोक में राष्ट्रीय शिक्षक प्रशिक्षण सह सम्मान समारोह आयोजन जीएफइसीएआर द्वारा किया गया। उद्घाटन झारखंड विधान सभा के अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाना सबसे कठिन कार्य है। जब तक बच्चे अपना बेस मजबूत नहीं करेंगे तब तक उनका शैक्षणिक विकास संभव नहीं। इस अवसर पर अजीत कुमार, अभिमन्यु मिश्रा संस्था के ईस्ट जोन हेड, संस्था के संस्थापक मसूदा यासीन आदि उपस्थित थे। इस प्रशिक्षण सत्र में सीबीएसई दिल्ली की ट्रेनर डॉ शैली बिष्ट और बैंगलोर से आई शिक्षाविद डॉ रजनी राव ने प्रशिक्षण दिया। मौके पर डीएवी ग्रुप के पूर्व निदेशक एलआर सैनी, डीएवी खूंटी के प्रिंसिपल डॉ टीपी झा और स्वामी मुक्तिरथ, निशा भगत, कतरास के शिक्षाविद सुनील कुमार मिश्रा ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।