रांची: पिठोरिया थानाक्षेत्र में लगातार 72 घंटे से पुलिस अवैध शराब के खिलाफ रेड कर रही है। थाना प्रभारी विनय कुमार इस दौरान सिमल टोली समेत इलाके के कई मोहल्लों में खुद रेड में लगे हैं। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी सुबह छापेमारी अभियान चलाकर अवैध शराब भट्ठी को ध्वस्त किया गया। इस दौरान पिठोरिया थाना प्रभारी विनय कुमार यादव मौके पर मौजूद थे। पुलिस की सक्रियता से पिठोरिया थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के बीच खौफ पैदा हो गया है।

एसएसपी लेवल से मॉनिटरिंग

एसएसपी सुरेंद्र झा ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त हिदायत दी है कि किसी भी हाल में अवैध शराब का कारोबार नहीं होने देना है। इसके बावजूद पिठोरिया इलाके में अवैध शराब का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। यही कारण है कि एसएसपी सुरेन्द्र खुद रेड की मानिटरिंग कर रहे हैं। साथ ही संबंधित थानों को निर्देश दे रहे हैं। एसएसपी के आदेश के बाद पिठोरिया थाना प्रभारी लगातार अभियान चला रहे हैं और अवैध शराब कारोबारियों पर शिकंजा कसने का प्रयास कर रहे हैं।

बरामद हुई थी ब्रांडेड बोतल में नकली शराब

बिहार और बंगाल के लोग झारखंड में नकली शराब की फैक्ट्री चला रहे हैं। पुलिस ने सात लग्जरी कार के साथ 5 तस्करों को भी गिरफ्तार किया। साथ ही 30 लाख की शराब भी जब्त की। ये लोग ब्रांडेड शराब के नाम पर लोगों को नकली शराब बेचा करते थे। इस सिलसिले में पुलिस ने 6 अगस्त, 2020 को जिन 5 लोगों को गिरफ्तार किया है, वे बंगाल और बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि राजधानी रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र के ओयना गांव में ब्रांडेड नकली शराब बनाने का गैर-कानूनी कारोबार चल रहा था। पुलिस को इसकी सूचना मिली तो नकली शराब के इन कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान पांच लोग पुलिस की पकड़ में आये हैं। इनके नाम राहुल शर्मा, गौरव कुमार, बिट्टू शर्मा, तापस मंडल और निताई बनर्जी हैं।

फरवरी में भी बरामद हुई थी भारी मात्रा में शराब

पिठोरिया थानाक्षेत्र में अवैध शराब तस्करों के खिलाफ अभियान में रांची पुलिस को फरवरी में भी बड़ी सफलता मिली थी। झारखंड की राजधानी रांची के तत्कालीन एसडीओ लोकेश मिश्रा के निर्देश पर पुलिस की टीम ने रांची के पिठोरिया क्षेत्र में अवैध शराब कारखाना के ठिकानों पर छापेमारी अभियान चलाया था। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध देशी शराब की खेप बरामद हुई, जिसे मौके पर ही नष्ट किया गया।