रांची(ब्यूरो)। रांची विश्वविद्यालय अंतर्गत सिमडेगा कॉलेज द्वारा आयोजित अंतर महाविद्यालय हॉकी प्रतियोगिता 2023 पुरुष वर्ग में बिरसा कॉलेज खूंटी व महिला वर्ग में एसएस मेमोरियल कॉलेज रांची विजेता बने। 08 सितंबर से एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम सिमडेगा में चल रही अंतर महाविद्यालय हॉकी प्रतियोगिता 2023 महिला व पुरुष वर्ग का फाइनल मैच खेला गया, पुरुष वर्ग का फाइनल मैच बिरसा कॉलेज खूंटी ने कार्तिक उरांव कॉलेज गुमला को 7-1से हराकर जीता। वहीं, महिला वर्ग का फाइनल मैच एसएस मेमोरियल कॉलेज रांची ने बिरसा कॉलेज खूंटी को 5-0 गोल से हराकर जीता। विजेता टीम के अलावा बेस्ट गोलकीपर समेत अन्य खिलाडिय़ों को सम्मानित किया गया।

आरयू करेगा खेल का दीक्षांत

मुख्य अतिथि रांची विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ अजीत कुमार सिन्हा ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा खेल को बढ़ावा देने के लिए हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने घोषणा की कि विश्वविद्यालय में पहली बार खेल का दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा, जिससे खिलाडिय़ों का मनोबल बढ़ेगा। अंत में उन्होंने फाइनल विजेता और उपविजेता टीम के खिलाडिय़ों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विशिष्ट अतिथि रांची विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ सुदेश कुमार साहू ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से छात्र-छात्राओं का शारीरिक, मानसिक विकास होता है। इसी से स्वस्थ समाज का निर्माण होगा। उन्होंने आयोजन समिति और खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं भी दीं। कॉलेज के प्राचार्य डॉ रामकुमार प्रसाद ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उनका आभार जताया

पहली बार एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउंड में मैच

बता दें कि रांची विश्वविद्यालय में अंतर महाविद्यालय हॉकी प्रतियोगिता पहली बार एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउंड में हुई और वर्षो बाद प्रतियोगिता के मैच लीग आधार पर खेले गए। आयोजन में सिमडेगा कॉलेज के प्राचार्य डॉ रामकुमार प्रसाद, आयोजन सचिव डा रोशन टेटे, हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष सह हॉकी झारखंड के उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी, हॉकी सिमडेगा के तकनीकी सदस्यों, सिमडेगा कॉलेज के अध्यापकों का अहम योगदान रहा। धन्यवाद ज्ञापन आयोजन समिति के सचिव डॉ रौशन टेटे ने किया।

इन्हें मिला पुरस्कार

ब्वॉयज ग्रुप

-बेस्ट गोलकीपर बिरसा कॉलेज, खूंटी के दुर्गा मुंडा

-बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, बिरसा कॉलेज, खूंटी के जोसेफ टोपनो

-बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच, बिरसा कॉलेज, खूंटी के सुसारन पूर्ति

गल्र्स ग्रुप

-बेस्ट गोलकीपर एसएस मेमोरियल कॉलेज, रांची की प्रमिला कुमारी

-बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट सिमडेगा कॉलेज की रेशमा सोरेंग

-बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच एसएस मेमोरियल कॉलेज, रांची की अलबेला रानी