रांची (ब्यूरो) । प्राचार्या डॉ सुप्रिया के निर्देशन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सहयोग से रांची विमेंस कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शुक्रवार को आर्ट्स ब्लॉक के स्मार्ट रूम में निबंध प्रतियोगिता,पोस्टर प्रतियोगिता, मेहंदी प्रतियोगिता तथा रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय भारत में महिलाओं की उच्च शिक्षा की स्थिति रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता आर्ट्स ब्लॉक की प्रोफेसर इंचार्ज डॉ विनीता सिंह ने की। अपने अध्यक्षीय भाषण में उन्होंने कहा कि शिक्षा अन्य अधिकारों को सुरक्षित करने के लिए लड़कियों और महिलाओं को सक्षम करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

कठिनाई का सामना

उन्होंने कहा बहुत सी समस्याओं को पुरुषों से नहीं कह सकने के कारण महिलाएं कठिनाई का सामना करती रहती हैं। अगर महिलाएं शिक्षित हों तो वे अपने घरों की सभी समस्याओं का समाधान कर सकती हैं। समय बीतने के साथ सरकार ने महिलाओं की स्थिति सुधारने के लिए कई कानून बनाए। स्त्री शिक्षा को अनिवार्य किया गया। लडक़ी की मर्जी के बगैर शादी पर प्रतिबंध लगाया गया। तलाक को कानूनी दर्जा दिया गया। अब महिलाएं अपनी मर्जी के अनुसार किसी भी हुनर के लिए ट्रेनिंग ले सकती थीं.जब महिलाएं पढ़ाई करती हैं, तो उन्हें अधिक जानकारी और समझ मिलती है, जिससे वे अपने परिवार और समाज में बेहतर से योजना बना सकती हैं।

इक्वॉलिटी की दिशा में

महिला शिक्षा से समाज में जेंडर इक्वॉलिटी की दिशा में भी कदम बढ़ता है, जिससे सभी को बराबरी मिलती है.अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की तरफ से किरण कुमारी और राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति सदस्य रोमा तिर्की ने छात्राओं के बीच प्रतियोगिताओं को लेकर प्रोत्साहन संदेश दिया। निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान स्नेहा कुमारी द्वितीय स्थान पर स्मिता चंदा तथा तृतीय स्थान पर अमीषा कुमारी रहीं। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर मधु प्रिया द्वितीय स्थान पर रक्षणंदा नूर तृतीय स्थान पर अदिति वर्मा रही। रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम ममता कुमारी द्वितीय श्रावणी कुमारी तृतीय गिन्नी कुमारी यादव रही। मेहंदी प्रतियोगिता में प्रथम कुमारी कोमल द्वितीय अंजली कुमारी तृतीय रक्षणंदा नूर रही। सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र और मेडल अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की तरफ से प्रदान किया गया। महिला दिवस के इस आयोजन पर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एक की टीम लीडर आकांक्षा और तनिष्क मिश्रा को उनके विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया। आज के इस कार्यक्रम में लगभग 120 छात्राओं की सहभागिता रही।