रांची(ब्यूरो) । सिटी के कचहरी रोड स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के मेकओवर का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इसे नगर निगम को हैंडओवर करने की तैयारी चल रही है। पहले इसे हैंडओवर करने की डेडलाइन दिसंबर 2022 थी, जिसे बढ़ाकर फरवरी कर दी गई। स्टेडियम का मेकओवर कर रही कंपनी के कर्मचारियों की मानें तो काम पहले ही पूरा हो चुका था, लेकिन निगम के द्वारा इसे हैंडओवर नहीं लिया गया। अब दोबारा रिटच देने का काम किया जा रहा है। कुछ असामाजिक तत्वों के द्वारा पाथवे पर बने पेवर ब्लॉक्स को क्षति पहुंचाई गई थी। उसकी मरम्मत का काम किया जा रहा है, साथ ही जो घास जल गए हैं, उन्हें हटाकर फिर से लगाया जा रहा है। इसके जीर्णोद्धार में 4.53 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

स्टेडियम में क्या है खास

इस स्टेडियम में एक मिनी फुटबॉल मैदान बनाया गया है। इसके अलावा लॉन टेनिस और बास्केटबॉल का कोर्ट भी बनाया गया है। मैदान में बैठकर मैच देखने के लिए गैलरी का भी निर्माण किया गया है, जिसमें लगभग 200 लोग बैठकर मैच देख सकेंगे। साथ ही टेनिस कोर्ट और बास्केटबॉल कोर्ट भी बनाएं गए हैं। बच्चों के खेलने के लिए प्ले एरिया बनाया गया है, जहां झूले और स्लाइडर लगाए गए हैं। साथ ही ओपन जिम का निर्माण भी किया गया है। स्टेडियम के चारों तरफ आठ फीट चौड़ी पाथवे बनाई गई है, ताकि लोग मॉर्निंग वॉक कर सकें। स्टेडियम का ज्यादातर हिस्सा ओपन स्पेस वाला है, साथ ही हरियाली के लिए पौधे लगाए जा रहे हैं।

मरांग गोमके की प्रतिमा

स्टेडियम की सबसे खास बात यह है कि मैदान के एंट्री प्वाइंट के समक्ष साल 1928 में ओलंपिक में भारत को गोल्ड मेडल दिलाने वाले हॉकी टीम के कप्तान मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की आदमकद प्रतिमा भी लगायी गई है, जिसमें चार चांद लगाने के लिए फव्वारे का निर्माण किया गया है। मैदान की दीवारों पर खेलों से जुड़ी चित्रकारी की गई है। साथ ही मैदान में फोटो गैलरी का भी निर्माण किया गया है। जिसमें खिलाडिय़ों के चित्र उकेरे गए हैं।

स्टेडियम के मेकओवर का काम लगभग पूरा हो चुका है। कुछ काम अधूरे पड़े थे उसे भी पूरा कर लिया गया है। अगले हफ्ते तक इसे हैंडओवर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

रजनीश कुमार, डीएमसी, रांची नगर निगम