रांची (ब्यूरो)। 12वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2022 में शनिवार को सेमीफाइनल मुकाबले में हॉकी झारखंड ने हॉकी उत्तर प्रदेश को 2-1 से पराजित करके फाइनल में प्रवेश कर गई है। झारखंड टीम रविवार को फाइनल मैच में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी हॉकी हरियाणा के साथ भिड़ेगी। झारखंड की ओर से टीम की कप्तान बालो होरो व निशा मिंज ने गोल करके टीम को जीत दिलाई। हॉकी झारखंड की यह तीसरी टीम है जो इन दो माह के अंदर राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिताओं के फाइनल में जगह बनाई है।

रोमांचक मैच

11 से 22 मई तक इंफाल मणिपुर में चल रही चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में शनिवार को झारखंड टीम की कप्तान बालो होरो ने 30वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर से गोल कर हाफ टाइम तक 1-0से बढ़त ली। इसके बाद 41वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर को झारखंड की निशा मिंज ने गोल करके अपनी बढ़त 2-0कर ली। परंतु हॉकी यूपी की पूर्णिमा यादव ने 45वें मिनट में झारखंड की रक्षा पंक्ति को भेदते हुए एक फील्ड गोल कर स्कोर 2-1 कर ली। उसके बाद दोनों टीम गोल करने के लिए संघर्ष करती रहीं और अंतत: झारखंड 02-01 से मैच जीत कर लगातार दूसरे वर्ष फाइनल में प्रवेश कर गई।

ये है झारखंड टीम

अनुपमा होरो, गंगी बारला, बालो होरो (कप्तान), रजनी केरकेट्टा, पार्वती टोपनो, विनीमां धान, सिलिबिया नाग, रोशनी आइंद, पुष्पा डांग, कौशल्या कुमारी, पूर्णिमा बरवा, अंकिता बारला, स्वीटी डुंगडुंग, जमुना कुमारी, रीना कुमारी, पिंकी कुमारी, अनुप्रिया सोरेंग, निशा मिंज, कोच सुभिला मिंज और मैनेजर ईशा गुप्ता हैं।

बधाइयों का तांता

झारखंड टीम के फाइनल में पहुंचने पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, शशि कांत, विजयशंकर सिंह, रजनीश कुमार, मनोज कोनबेगी, माइकल लाल, सुरजीत झा, असरिता लकड़ा, प्रतिमा बरवा, बिगन सोय सहित हॉकी झारखंड के समस्त पदाधिकारियों ने बधाई दी है। आज झारखंड टीम का मैच देखने के लिए हॉकी झारखंड के महासचिव विजयशंकर सिंह और सीईओ रजनीश कुमार भी इंफाल में मौजूद रहे।