रांची: सिमडेगा में आयोजित 11वीं हॉकी नेशनल सब जूनियर महिला चैंपियनशिप 2021 के आज छठे दिन 4 क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए। पहले क्वार्टर फाइनल मैच में हॉकी हरियाणा ने हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु को 23-00 से पराजित किया। दूसरे मैच में हॉकी ओडि़शा ने हॉकी पंजाब को 5-1 से पराजित किया तथा हॉकी उत्तर प्रदेश ने हॉकी बिहार को 11-00 से पराजित किया और मेजबान झारखंड ने हॉकी दिल्ली को 16- 0 से हरा कर सेमीफाइनल में एंट्री कर ली। 17 मार्च को अपराहन 11 बजे पहला सेमीफाइनल मैच हॉकी हरियाणा और हॉकी उत्तर प्रदेश के बीच तथा दोपहर 3 बजे हॉकी झारखंड एवं हॉकी ओडि़शा के बीच खेला जाएगा। झारखंड टीम की ओर से स्वीटी डुंगडुंग ने पांच गोल किए, वहीं, निशा मिंज, फुलमनी भेगरा 3-3 गोल किया। बालों होरो ने दो व पूर्णिमा बारवा, नीरू कुल्लू और विनिमय धान ने एक-एक गोल किए।

नेशनल-इंटरनेशनल प्लेयर्स बने गवाह

आज के तीसरे क्वार्टर फाइनल मैच को 1978 विश्व कप में भारतीय टीम के सदस्य रहे जस्टिन केरकेट्टा ने खिलाडि़यों से परिचय प्राप्त कर शुरू किया। वहीं चौथा क्वार्टर फाइनल मैच झारखंड बनाम दिल्ली के बीच खेला गया, जिसे सिमडेगा के डीसी सुशांत गौरव एवं एसपी डॉ शम्स तबरेज ने खिलाडि़यों से परिचय प्राप्त कर शुरू करवाया। सभी अतिथियों का हॉकी झारखंड के महासचिव विजयशंकर सिंह एवं हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने खिलाडि़यों से परिचय करवाया। आज के क्वार्टर फाइनल मैच में खिलाडि़यों को उत्साहवर्धन करने के लिए खिलाडि़यों के पेरेंट्स, कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाडि़यों, दर्शकों के साथ-साथ जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के सभी आला अधिकारी मैदान में मौजूद थे। साथ ही नगर परिषद अध्यक्ष पुष्पा कुल्लू, विभिन्न राजनीतिक पार्टी के जिला अध्यक्ष भी पूरे मैच में दर्शक दीर्घा में बैठकर खिलाडि़यों का उत्साह बढ़ाते रहे। मैच की समाप्ति के बाद एसपी डॉ शम्स तबरेज ने अपनी पूरी टीम के साथ झारखंड टीम के खिलाडि़यों से मिलकर बधाई दी। साथ ही आने वाले सेमीफाइनल मैच के लिए टीम को प्रोत्साहित भी किया। वहीं, उन्होंने दिल्ली टीम के खिलाडि़यों से भी मिलकर उनका ढाढस बंधाया। साथ ही इस प्रतियोगिता के तकनीकी पदाधिकारियों से भी मिलकर उनका हाल चाल लिया।