रांची(ब्यूरो)। काकामिगहारा, जापान में आयोजित महिला जूनियर एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय महिला हॉकी टीम पहली बार विजेता हुई। इसमें हमारे झारखंड की भी तीन खिलाड़ी दीपिका सोरेंग, महिमा टेटे और रोपनी कुमारी सामिल थीं। इन तीनों चैंपियन बेटियों को हॉकी झारखंड के कार्यालय में हॉकी झारखंड की ओर हॉकी इंडिया के महासचिव सह हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह और हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर का हॉकी स्टिक देकर सम्मानित किया। वहीं, सीनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप में कांस्य पदक विजेता झारखंड टीम की सीनियर खिलाड़ी अलबेला रानी टोप्पो और किरण बड़ा को भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर का हॉकी स्टिक देकर हॉकी झारखंड की ओर से सम्मानित किया गया।
संयुक्त सचिव को भी सम्मान
इधर, खेल विभाग झारखंड सरकार के संयुक्त सचिव हिमांशु मोहन (आइएएस) को हॉकी झारखंड की ओर से सम्मानित किया गया। मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम मोरहाबादी स्थित हॉकी झारखंड के कार्यालय में हॉकी इंडिया के महासचिव सह हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने उन्हें हॉकी इंडिया का प्रतीक चिन्ह, तावल व हॉकी स्टिक देकर सम्मानित किया। मौके पर हॉकी झारखंड के महासचिव विजयशंकर सिंह समेत खेल विभाग के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।