रांची: रांची नगर निगम द्वारा पास नक्शा में गड़बड़ी किए जाने पर लालपुर स्थित कुमार ग‌र्ल्स हॉस्टल को नगर निगम की टीम ने सोमवार को सील कर दिया। हॉस्टल संचालक द्वारा निगम से पास नक्शा के नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। हॉस्टल के ग्राउंड फ्लोर में पार्किग स्थल बनाया जाना है, लेकिन इसका उपयोग यहां मेस, कार्यालय, वार्डेन रूम व गेस्ट रूम के तौर पर किया जा रहा हैं। नक्शा शाखा की मानें तो यह पूरी तरह से नियमों का उल्लंघन है। इस दौरान निगम ने हॉस्टल संचालक को जल्द से जल्द पूरे सामानों को निकालने का निर्देश भी दिया। अधिकतर सामान निकालने के बाद निगम की टीम ने ग्राउंड फ्लोर में बने गेट को सील कर दिया। नगर आयुक्त के निर्देश पर टाउन प्लानर श्रीकांत शरण के नेतृत्व में टीम लालपुर के पीस रोड स्थित कुमार ग‌र्ल्स हॉस्टल पहुंची थी, जहां हॉस्टल के बी-ब्लॉक को सील किया गया।

आज भी हो सकती है कार्रवाई

निगम की तरफ से बताया गया कि अधिकारियों ने हॉस्टल के ग्राउंड फ्लोर को पूरी तरह से सील करने का आदेश दिया था। हालांकि इस फ्लोर पर कोई मुख्य द्वार या गेट नहीं है। इस कारण केवल अभी ग्राउंड प्लोर के कुछ हिस्से को ही सील किया गया है। निगम मंगलवार को इसे पूरी तरह से सील करने की कार्रवाई करेगा। निगम की कार्रवाई के कारण यहां रहने वाली लड़कियां भी पूरी तरह से डरी-सहमी हैं।

ग‌र्ल्स की परेशानी की उठी बात

निगम की कार्रवाई के दौरान यहां की स्थिति थोड़ी बिगड़ती नजर आई। जब हॉस्टल को सील किया जा रहा था तो लॉज संचालिका ने कहा कि ग्राउंड फ्लोर को ही पूरी तरह से सील करने से यहां रहने वाली लड़कियों के अंदर-बाहर जाने पर पूरी तरह से रोक लग जाएगी। इस पर निगम के टीम ने कहा कि अगर पूरी तरह से सील नहीं किया गया तो फिर सील करने का मतलब क्या। एक रास्ता खुला रहने से लोग आराम से आ-जा सकेंगे। ऐसे में सील का कोई मतलब ही नहीं रह जाएगा।