रांची (ब्यूरो) । श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा संचालित हरमू रोड के श्री श्याम मंदिर में जन्माष्टमी महोत्सव बहुत ही भव्य रूप में मनाया गया। खाटू धाम एवम रांची हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में जन्माष्टमी महोत्सव साथ में मनाया गया। गुरुवार की सुबह मंदिर के पट खुलते ही भक्तों की भीड़ दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। सुबह 5 बजे पट खोल दिए गए उसके बाद 5.30 बजे मंगल आरती 8.30 बजे श्रृंगार आरती और 12.15, बजे विश्राम आरती करके मंदिर के पट बंद कर दिए गए। 4.30 बजे पुन: मंदिर के पट खुलने के पहले ही भक्तों की भीड़ दर्शन के लिए मंदिर परिसर में आ गई थी।

डच गुलाब से सजावट

चंद्रमा पर विराजित बाबा का रूप बड़ा ही सलोना लग रहा था। ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे एक चांद पर दूसरे चांद के रुप में विराजमान खाटू नरेश भक्तों को अपनी चांदनी छंटा से सराबोर कर रहे थे। चंद्रायन के मॉडल के तर्ज पर लड्डू गोपाल को लैंडर पर विराजित किया गया था। रोवर तथा लॉन्चर भव्य लग रहे थे। दस हजार से ज्यादा विशिष्ट डच गुलाब की लाल और पीले सुगंधित फूलों की मोटी मोटी मालाओं से खाटू नरेश सहित सभी देवी देवताओं को सजाया गया था। जन्माष्टमी के अवसर पर पहली बार पूरे मंदिर परिसर में विराजमान सभी देवी देवताओं एवं खाटू नरेश को डच गुलाब का श्रृंगार किया गया था.इसके पहले खाटू नरेश का महास्नान अनुष्ठान वैदिक रीति रिवाज के अनुसार मंदिर के आचार्य द्वारा किया गया।

सुंदर सजा झूला

कार्यक्रम के संयोजक सह मंडल के मंत्री गौरव अग्रवाल मोनू ने बताया कि जन्माष्टमी का प्रसाद केसरिया पेड़ा, बादाम की बर्फी, धनिया की पंजरी आदि का प्रसाद मंदिर में ही निर्मित किया गया था। मंदिर के गर्भगृहों के बाहर सुगंधित जूही टेसू फूलों से भव्य सजावट की गई थी। लड्डू गोपाल के झूले को बहुत ही सुन्दर रूप से सजाया गया था, जिससे देख भक्त भाव विभोर हो रहे थे। भक्त अपने कान्हा को झूले में देख कर ख़ुद को रोक नहीं पा रहे थे। लाल और पीले बैलून से पूरा मंदिर परिसर को सजाया गया था। कार्यक्रम संयोजक गौरव अग्रवाल मोनू ने बताया कि इस बार बाल रूप में सज धज कर आने वाले राधा कृष्ण को खाटू नरेश का विशेष प्रसाद भी उपहार स्वरूप दिया गया। गौरव अग्रवाल मोनू ने बताया कि इस अवसर पर रात्रि 8.00 बजे से संगीतमय भजनों का कार्यक्रम शुरू हुआ। मोहिनी केडिया भजन माला प्रस्तुत करने के लिए प्रात: रांची आ गई थीं। मंडल के सदस्यों एवं स्थानीय प्रसिद्ध भजन गायको द्वारा भजनों का कार्यकर्म शुरू हुआ। मंडल के अध्यक्ष सुरेश सरावगी, महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया के नेतृत्व सभी कार्यकर्म आयोजित हुए। भजन गाने वालों में श्रवण ढानढनिया, श्याम सुन्दर शर्मा, सलज अग्रवाल, पवन शर्मा, तनय काठपल, गौरव अग्रवाल ने भजनों से भक्तो को झुमाया। मोहिनी केडिया ने भक्तो को रात्री जन्मोत्सव तक भक्तो को झुमाया। रात्री 12 बजे जन्मोत्सव आरती के बाद भक्तों में प्रसाद बांटने के बाद जन्माष्टमी महोत्सव का कार्यकर्म समाप्त हुआ। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सुरेश सरावगी महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया, श्रवण ढानढनिया, प्रदीप राजगढिय़ा, पंकज गाड़ोदिया, अनिल नारनोली, स्नेह पोद्दार, रौनक पोद्दार, अरविंद सोमानी, प्रकाश काबरा आदि मौजूद थे।