रांची: राजधानी रांची में स्मार्ट सिटी मिशन की परियोजनाओं में अधिक से अधिक उन शहरी स्थानीय श्रमिकों को रोजगार मिले जो कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण के कारण अपने प्रदेश झारखंड लौटे हैं। शनिवार को एचईसी क्षेत्र में निर्माणाधीन स्मार्ट सिटी परिसर में विभिन्न परियोजनाओं के निरीक्षण के बाद स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के सीईओ अमित कुमार ने स्मार्ट सिटी, जुडको और विभिन्न निर्माण एजेंसियों के पदाधिकारियों को ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि प्रवासी मजदूरों को अपने ही राज्य में काम मिले, ताकि इनके परिवार के भरण पोषण में कोई कठिनाई न आए। इसके लिए उन्होंने स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन व जिला प्रशासन के पास पहले से तैयार श्रमिकों का डाटा मंगाकर उसपर आगे कार्य करने का निर्देश दिया। सीईओ ने कार्य स्थल पर सोशल डिस्टेंसिंग और अन्य प्रोटोकॉल का ध्यान रखने का भी निर्देश दिया।

कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर देखा

रांची स्मार्ट सिटी के सीईओ व सूडा निदेशक अमित कुमार ने रांची शहर के लिए स्थापित हो रहे कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर का निरीक्षण कर पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पूरे शहर के लिए ये योजना बहुत ही जनोपयोगी है, जिससे यातायात प्रबंधन से लेकर त्वरित आपातकालीन सेवा सुनिश्चित कराने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही क्राइम कंट्रोल में भी हम पुलिस की मदद कर पाएंगे। इसमें खासकर ट्रैफिक को लेकर शहर को नौ कॉरिडोर में बांटा गया है, जिसमें तीन कॉरिडोर का कार्य लगभग पूरा हो गया है। सभी जंक्शन पर सर्विलांस कैमरे, ट्रैफिक सिग्नल्स, वैरियेबल मैसेज साईन बोर्ड, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के साथ-साथ इमरजेंसी कॉल बॉक्स भी लगाया जा रहा है। इसके शुरू होने से ट्रैफिक का रेगुलेशन व मॉनिटरिंग ऑनलाइन होगा। सीईओ ने संबंधित कंपनी के प्रतिनिधियों को जल्द कार्य संपन्न करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने इस सेंटर के माध्यम से मिलनेवाली सेवाओं व इसमें इस्तेमाल हो रहे इक्विपमेंट्स की भी बारीकी से जानकारी हासिल की।

जुपमी का निरीक्षण

स्मार्ट सिटी के सीईओ ने झारखंड अर्बन प्लानिंग मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट भवन का निरीक्षण कर पदाधिकारियों को कार्य तेज करने का निर्देश दिया और कहा कि इसके लिए जरूरी है कि श्रमिकों की संख्या बढ़ाएं और सुनिश्चित करें कि अधिकतर कामगार झारखंड के रहनेवाले हों।

गैस इंसुलेटेड पावर सब स्टेशन

स्मार्ट सिटी के एरिया बेस्ड डेवलपमेंट क्षेत्र के लिए चौबीसों घंटे बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए धुर्वा में तैयार हो रहे गैस इंसुलेटेड पावर सब स्टेशन का भी सीईओ ने निरीक्षण किया। इसके बाद कई आवश्यक निर्देश भी दिए।

पाइपलाइन का निरीक्षण

स्मार्ट सिटी क्षेत्र में निर्बाध जलापूर्ति के लिए बिछाई जा रही पाइपलाइन और वॉटर रिजर्वॉयर निर्माण का भी सीईओ ने निरीक्षण किया और कार्य को तीव्र गति से संपन्न करने का निर्देश दिया।

एकीकृत आधारभूत संरचना का लिया जायजा

स्मार्ट सिटी के सीईओ अमित कुमार ने एरिया बेस्ड डेवलपमेंट वाले क्षेत्र के लिए बन रही सड़क, वाटर पाइपलाइन, बिजली केबल व ऑप्टिकल फाइबर, ड्रेनेज, सिवरेज, स्टॉर्म वाटर पाइपलाइन समेत अन्य यूटिलिटी सर्विसेज की जानकारी ली। निर्माण कंपनी की ओर से प्रेजेंटेशन के जरिए स्मार्ट सिटी के लिए विकसित हो रहे आधारभूत संरचना की जानकारी दी गयी और नए शहर का थ्री डी मॉडल भी प्रस्तुत किया गया। सीईओ ने सभी कंपनियों को स्थानीय श्रमिकों से काम कराने का निर्देश दिया। स्मार्ट सिटी परिसर में सीईओ ने पौधरोपण भी किया।