रांची : रांची पुलिस ने पिठोरिया इलाके में हुई राशन डीलर और दुर्गा पूजा समिति के सदस्य कार्तिक केसरी की हत्या का पर्दाफाश कर लिया है। इस मामले में राशन डीलर की पत्नी ही साजिशकर्ता थी। पुलिस ने राशन डीलर की पत्नी प्रीति केसरी को रविवार को लोधमा से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपित प्रीति ने पुलिस के समक्ष खुलासा किया कि शादी से पहले से उसका प्रेम प्रसंग लोधमा के ही रहने वाले अंकित केसरी के साथ चल रहा था।

जारी रहा मिलना जुलना

शादी के बाद भी उससे मेलजोल जारी रहा। इस बात की जानकारी उसके पति कार्तिक केसरी को हो गई। उसने इसका विरोध किया और अंकित के साथ मिलना-जुलना भी बंद करा दिया। इसी वजह से प्रेमी के साथ मिलकर उसने अपने पति की हत्या कराई थी। हालांकि हत्या वाले दिन रांची से पिठोरिया लौटने के क्रम में कार्तिक के पल-पल की जानकारी वह हत्या के आरोपितों को वाट्सएप के माध्यम से दे रही थी। ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने बताया कि प्रीति केसरी ने ही अपने पति की हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उसे गिरफ्तार करने के लिए कोर्ट से आदेश लेना जरूरी था। इसलिए उसे पकड़ने में पुलिस को विलंब हुआ।

अंकित और दोस्त को जेल

रांची पुलिस इस मामले में अंकित केसरी और उसके दोस्त अधिवक्ता विशाल पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस मामले में प्रीति फरार चल रही थी जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। कार्तिक की हत्या में प्रीति का हाथ होने की बात सामने आने के बाद भी पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर रही थी। ग्रामीण एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कांके पुलिस से स्पष्टीकरण मांगा। कहा कि आखिर अब तक आरोपित की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई। उनके दबाव के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार की।

28 सितंबर 2019 को हुई थी हत्या

गत 28 सितंबर 2019 को प्रीति केसरी सुनियोजित ढंग से अपने पति कार्तिक केसरी की हत्या कराने के लिए अपने सहयोगियों को इकट्ठा कर रखा था। उसी दिन प्रीति अपने पति के साथ दशहरा की खरीदारी करने की बात कह कर पिठोरिया से रांची आई थी। दिनभर इधर-उधर घूमने के बाद रात में लगभग आठ बजे प्रीति अपनी कार से पति के साथ पिठोरिया अपने ससुराल जाने के लिए रांची मेन रोड से निकल गई। पत्नी के साथ घर जा रहे कार्तिक केसरी उसकी साजिश से बेखबर था। उसी दौरान प्रीति के प्रेमी अंकित केसरी उर्फ बिट्टू और विशाल पांडे की काली स्कॉर्पियो ने बाड़ू चौक के बीच उस कार को ओवरटेक किया जिसमें कार्तिक व प्रीति थे। आरोपितों ने ओवरटेक करते हुए इनकी गाड़ी रोक ली और कार्तिक केसरी को गाड़ी से उतारकर लोहे के रॉड से बुरी तरह पीटा। कार्तिक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में घटना की जानकारी प्रीति ने ही अपने ससुराल वालों को दी। इसके बाद कांके थाने की पुलिस के सहयोग से कार्तिक केसरी को मेडिका अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। इस मामले में प्रीति केसरी के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी।