रांची (ब्यूरो): आंगनबाड़ी सेविका व सहायिका का मानदेय बढ़ाने और नियम में सुधार हेतु प्रोजेक्ट भवन में महिला बाल विकास व सामाजिक सुरक्षा मंत्री जोबा मांझी झारखंड सरकार की अध्यक्षता में आंगनबाड़ी से संबंधित सभी यूनियनों के प्रतिनिधि, सिल्ली विधायक सुदेश महतो व विभाग के सचिव व अन्य सभी के साथ बैठक हुई। इसमें विभाग की तरफ से एक प्रारूप रखा गया, जिस पर चर्चा हुई। बैठक में भारतीय मजदूर संघ झारखंड प्रदेश की ओर से प्रदेश अध्यक्ष एसएन सिंह, उपाध्यक्ष व आंगनबाड़ी के संगठन मंत्री रामचन्द्र गोप व प्रदेश संगठन मंत्री ब्रजेश कुमार उपस्थित रहे।

इस प्रारूप पर चर्चा

-सेविका की नियुक्ति हेतु 12वीं पास होना चाहिए। उसमें भी मार्क बेसिस पर (योग्यता के आधार पर)। जिसमें पंचायत/वार्ड स्तरीय समिति द्वारा चयनित व जिला स्तरीय समिति द्वारा अनुमोदित।

-सेविका का मानधन 9500/- व सहायिका का 4750/- तय किया गया।

-लघु आंगनबाड़ी सेविका का दर्जा समाप्त कर सभी को सेविका का दर्जा रहेगा।

-डेट ऑफ नोटिफिकेशन से ही बढ़ा हुआ मानदेय लागू हो जाएगा।

-सेविका का प्रतिवर्ष 500 रु प्रतिमाह मानदेय में वृध्दि होगी और सहायिका का प्रतिवर्ष 250 रु प्रतिमाह मानदेय में वृध्दि होगी।

-ईपीएफ में 6 परसेंट राज्य सरकार व 6 परसेंट सेविका के मानदेय से अंशदान देने का प्रावधान किया गया, ताकि सेवानिवृत्ति पर पेंशन दी जा सके।

-शैक्षिणिक योग्यता के आधार पर 50 परसेंट प्रोमोशन।

-आंगनवाड़ी सेविका/सहायिका के कार्य अवधि में मृत्यु होने की स्थिति में आंगनवाड़ी सेविका/ सहायिका की अहर्तापूर्ण करने पर मृतक के एक आश्रित को अनुकंपा का लाभ पुत्रवधु को दिया जाएगा।

कांग्रेस नेता अजयसिंह यादव पहुंचे दिउड़ी मंदिर

झारखंड प्रदेश ओबीसी विभाग द्वारा महंगाई पर चर्चा कार्यक्रम में भाग लेने अखिल भारतीय कांग्रेस ओबीसी कमिटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह यादव रांची पहुंचे। इसी क्रम में उन्होंने तमाड़ स्थित दिउड़ी मंदिर पहुंचकर माता के चरणों में मथ्या टेका और आशीर्वाद भी लिया। साथ ही क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्र की बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि महंगाई अपने चरम पर है। राहुल गांधी की भारत यात्रा के दौरान सभी कांग्रेसी देश में हो रही अराजकता, भय के माहौल की चर्चा करेंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि सभी संबैधानिक संस्थाएं बीजेपी सरकार के इशारे पर कार्य कर रही हैं। इस मौके पर कांग्रेस के दर्जनों नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।