RANCHI: रांची नगर निगम के नए नगर आयुक्त शांतनु अग्रहरि ने सोमवार को अपना योगदान दिया। योगदान देने के बाद उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता जरूरी सुविधाओं को बेहतर करने की होगी। और इसके लिए जिन योजनाओं पर काम चल रहा है उसे तय समय पर पूरा कराने की कोशिश की जाएगी। साथ ही रांची नगर निगम की देशभर के नगर निगम में अलग पहचान बनाने पर काम किया जाएगा। स्वच्छता रैंकिंग के मामले में उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि रांची नगर निगम ने काम नहीं किया। अन्य शहरों ने हमसे भी बेहतर काम किया। इसलिए अगली बार के लिए हमारी तैयारी जारी रहेगी और हम बेहतर काम करेंगे। शहर को सुंदर बनाएंगे और व्यवस्था भी सुधारी जाएगी। इससे पहले उन्होंने रांची नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें सभी विभागों के अधिकारियों ने अपने विभागों में चल रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

स्मार्ट सिटी की रख दी है नींव: प्रशांत

रांची नगर निगम के नगर आयुक्त का प्रभार शांतनु अग्रहरि को सौंपने के बाद प्रशांत कुमार ने कहा कि रांची में उन्होंने जो भी काम किया उसमें अपना स्वार्थ छिपा हुआ था। चूंकि रांची में रहना है तो वह चाहते थे कि रांची स्वच्छ और सुंदर दिखे। साथ ही उन्होंने कहा कि अब तो रांची में ही रहना है और यहीं की मिट्टी में मिल जाना है। उन्होंने कहा कि रांची को स्मार्ट सिटी बनाने की नींव रख दी है और कुछ सालों में इसका रिजल्ट देखने को मिलेगा। दो -ढाई साल में किसी शहर की व्यवस्था को नहीं सुधारा जा सकती। इसलिए शहर को स्मार्ट बनाने में अभी दस साल लगेंगे। इसके लिए भी निगम को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की पहल कर दी है।