RANCHI: रांची के लोगों को रेलवे स्टेशन पहुंचने का एक नया रास्ता मिलने वाला है। प्लान यह है कि नेपाल हाउस सचिवालय के पीछे स्थित अरविंदो नगर के अंतिम छोर से लेकर रेलवे स्टेशन के प्लैटफॉर्म नंबर 5 को सड़क से जोड़ा जाएगा। अगर सबकुछ प्लान के मुताबिक चला, तो एक साल के भीतर ही नया रास्ता मिल जाएगा। नया रास्ता राजेंद्र चौक से पंचवटी चौक होते हुए रेलवे स्टेशन तक पहुंचाएगा।

जून में खुलेगा टेंडर

पथ निर्माण विभाग रांची प्रमंडल ने सड़क बनाने के लिए टेंडर भी जारी कर दिया है। 17 जून को टेंडर खुलेगा। जो कंपनी इस काम के लिए चुनी जाएगी, उसे 11 महीने में यह सड़क बनाकर तैयार करना होगा। इस रोड के बन जाने से डोरंडा, न्यू एजी कॉलोनी, घाघरा, हिनू, बिरसा चौक, धुर्वा, कडरू क्षेत्र से रांची रेलवे स्टेशन आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अभी इस रूट से आने वाले मुसाफिरों को मेन रोड ओवरब्रिज से सुजाता चौक होते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचना होता है। अक्सर इस रूट पर वाहनों की लंबी कतार रहती है, जिससे जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है।

यहां से मिलेगा रास्ता

रेलवे स्टेशन तक दूसरा पहुंच पथ नेपाल हाउस के नजदीक शहीद गोरखा चैक से प्रारंभ होकर रांची रेलवे स्टेशन के पीछे (प्लैटफॉर्म नंबर 5) तक सड़क का निर्माण होगा। इस सड़क की लंबाई 1.5 किमी होगी। महात्मा गांधी रोड पर स्थित राजेन्द्र चैक से पंचवटी चौक (रांची रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित) तक सड़क का निर्माण होगा।

मुख्य सड़क का विकल्प होगा

यह जो सड़क बनाई जा रही है, डोरंडा से रांची रेलवे स्टेशन तक होगी। यह रोड मुख्य सड़क का विकल्प रहेगा। डोरंडा चौक से यह सड़क रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर पांच तक जायेगी। मुख्य मार्ग पर यातायात का भार कम करने और लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है। पथ निर्माण विभाग के इस प्रस्ताव पर जिला प्रशासन ने अपनी सहमति दे दी है।

यह है पूरा प्लान

रांची रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए पहली सड़क नेपाल हाउस के नजदीक शहीद गोरखा चौक से सीधे स्टेशन के पीछे प्लेटफॉर्म नंबर पांच तक बनाई जाएगी। दूसरी महात्मा गांधी रोड पर स्थित राजेंद्र चौक से पंचवटी चौक, रेलवे स्टेशन तक के लिए सड़क का निर्माण होगा। दोनों नयी लिंक रोड बनाने में विभाग की ओर से 30 करोड़ रुपए खर्च किये जाएंगे। सड़क के बीच में एक पुल का निर्माण भी किया जाएगा। यह पुल ओवरब्रिज के नीचे जो नाला बह रहा है उसके बीच में बनाया जाएगा। शहीद गोरखा चौक से शुरू होकर रांची रेलवे स्टेशन के पीछे प्लैटफॉर्म नंबर पांच तक के लिए बनने वाली सड़क की लंबाई 1.50 किमी होगी।

रांची रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए नेपाल हाउस के पास रांची रेलवे स्टेशन के पांच नंबर प्लैटफॉर्म को सीधा जोड़ा जाएगा। जो नयी सड़क बनायी जाएगी, उसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। 11 महीने में दोनों सड़कें बनकर तैयार हो जाएंगी।

राम बदन सिंह, कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग, रांची

दूसरे प्रवेश द्वार के कई फायदे

- धुर्वा, हिनू, डोरंडा, हटिया, तुपुदाना क्षेत्रों के लिए सुविधाजनक।

- मेन रोड और स्टेशन रोड पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा।

- मेन टर्मिनल पर भीड़ कम होगी।

- सामान्य टिकट काउंटरों पर भीड़ कम होगी।

- पार्किंग के लिए जगह की उपलब्धता बढ़ेगी।

- पटरियों को पार करने की बाध्यता भी खत्म होगी।

- दोनों भाग में टर्मिनल होने से असामाजिक तत्वों की गतिविधि रुकेगी।