रांची(ब्यूरो)। राजधानी की सड़कों पर सर्दियों में फुटपाथ, खुले आसमान में रहने वाले या बेसहारा लोगों को ठंड से निजात दिलाने के लिए राहत आपदा कोष से जिला प्रशासन ने लोगों को कंबल देने की तैयारी शुरू कर दी है। इस बार रांची जिले के 89685 लोगों को ठंड में राहत पहुंचाने के लिए कंबल दिया जाएगा। सबसे ज्यादा रांची नगर निगम के 53 वार्ड में रहने वाले शहरी गरीबों को 9964 कंबल मिलेंगे। इसके अलावा बुंडू नगर पंचायत के 12 वार्ड में रहने वाले 1980 गरीबों को कंबल मिलेंगे। रांची के सभी 305 पंचायतों में कंबल वितरण होगा।

पहुंच चुका है कंबल

प्रंखडवार वितरण के लिए सभी जगह कंबल पहुंच चुके हैं, इसलिए आपके अधिकार-आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में भी जरूरतमंदों के बीच वितरण किया जा रहा है। समय पर कंबल की खरीदारी के संबंध में अधिकारियों का कहना है कि सबसे पहले रांची जिला में ही कंबल गरीबों के बीच वितरण करने के लिए खरीदे गए। दरअसल, पूर्व में ठंड बढऩे के बाद कंबल उपलब्ध हो पाता था, जिससे प्रशासन व सरकार की किरकिरी होती थी।

इस साल समय पर वितरण

जिले में ठंड शुरू होने के साथ ही कंबल की खेप भी पहुंच गई है। समय से कंबल पहुंचने को लेकर लोगों मे उत्साह देखा जा रहा है। जिला प्रशासन ने गरीब व असहायों के बीच वितरण के लिए प्रखंडों में कंबल भेज दिया है। राज्य के हर जिले में ठंड के मौसम में कंबल वितरण करने में देरी की प्रक्रिया झारखंड की एक परम्परा सी बन गयी है। लेकिन इस साल समय से शुरू किया गया है। इस वर्ष समय से जरूरतमंदों के बीच कंबल पहुंचे इसको लेकर जिला प्रशासन पहले से ही तत्पर था। समय से टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद संवेदक द्वारा समय से कंबल की आपूर्ति भी करा दी गई है।

शहर में दस हजार कंबल बंटेगा

रांची नगर निगम ने वार्डों में जरूरतमंदों के बीच कंबल बांटने की तैयारी शुरू कर दी है। निगम को जिला प्रशासन द्वारा 9964 कंबल दिए गए हैं। इसे निगम के 53 पार्षदों, मेयर, डिप्टी मेयर के बीच बांट दिया गया है। इसके तहत प्रत्येक वार्ड में 150 के करीब कंबल गरीबों के बीच बांटने की योजना है। इसके अलावा मेयर, डिप्टी मेयर और नगर आयुक्त भी जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण करेंगे। निगम अपने वार्डों में वैसे लोगों यह कंबल देगा, जो गरीबी रेखा से नीचे रह रहे हैैं।

बढऩे वाली है ठंड

मौसम विभाग की मानें, तो अगले सप्ताह से शीत लहर शुरू हो जाएगी। दिसंबर और जनवरी में कड़ाके की ठंड पड़ती है। ऐसे में सर्द मौसम में फु टपाथ, खुले आसमान के नीचे सोने वाले व बेसहारा लोगों को ठंड से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने पहले हीं कंबल देने की तैयारी कर चुका है।

कहां कितने कंबल भेजे गए

रांची नगर निगम 9964

कांके प्रखंड 7808

रातू प्रखंड 4880

नगड़ी प्रखंड 3172

मांडर प्रखंड 4636

चान्हों प्रखंड 4148

बुढ़मू प्रखंड 3416

खलारी प्रखंड 3479

बेड़ो प्रखंड 4148

ईटकी प्रखंड 2196

लापुंग प्रखंड 2684

ओरमांझी प्रखंड 4392

नामकुम प्रखंड 5612

अनगड़ा प्रखंड 5170

सिल्ली प्रखंड 4890

बुंडू प्रखंड 2732

नगर पंचायत बुंडू 1980

तमाड़ प्रखंड 5708

सोनाहातू प्रखंड 3416

राहे प्रखंड 2254

जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग 3000